ब्राह्मण समाज की एकता, संस्कृति और संगठन शक्ति का बनेगा विराट संगम
शाहपुरा (भीलवाड़ा) – राजेन्द्र खटीक। आगामी 17 जून 2026 को विजयनगर में आयोजित होने वाले भव्य विप्र महाकुंभ एवं प्रतिस्थापना समारोह की तैयारियों को लेकर सोमवार को महर्षि दधीचि गुरुकुल, कालिंजरी गेट, शाहपुरा में ब्राह्मण समाज की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाज के वरिष्ठजनों, युवाओं एवं विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए आयोजन को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए विप्र फाउंडेशन जोन 1F के अध्यक्ष नवीन शर्मा ने महाकुंभ की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि राजस्थान कृषि मंडी, विजयनगर में आयोजित यह कार्यक्रम ब्राह्मण समाज की एकता, संस्कृति, परंपरा और संगठन शक्ति का भव्य प्रतीक बनेगा। उन्होंने समाज के सभी परिवारों से अधिकाधिक संख्या में कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की।
उन्होंने बताया कि महाकुंभ के अंतर्गत यज्ञोपवीत संस्कार, कलश यात्रा, विशाल शोभायात्रा, महासभा, महाआरती एवं महा ब्रह्मभोज सहित विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में परम पूजनीय प्रखर महाराज का सान्निध्य एवं आशीर्वाद भी प्राप्त होगा।
बैठक में उपस्थित समाज बंधुओं ने आयोजन को सफल बनाने के लिए तन, मन और धन से सहयोग का भरोसा दिलाया। वक्ताओं ने कहा कि समाज की एकजुटता और सक्रिय भागीदारी से यह आयोजन प्रदेश स्तर पर एक मिसाल स्थापित करेगा।
बैठक के दौरान कार्यक्रम की तैयारियों, व्यवस्थाओं, प्रचार-प्रसार, आमंत्रण अभियान एवं विभिन्न जिम्मेदारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही युवाओं की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने और प्रत्येक परिवार तक कार्यक्रम की जानकारी पहुंचाने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर विप्र फाउंडेशन के पदाधिकारी गोविंद नारायण शर्मा, मधुसूदन पारीक, अरुण कुमार जोशी, महेंद्र शर्मा, राकेश खंडेलवाल एवं राधेश्याम पाण्डे ने भी कार्यक्रम की जानकारी देते हुए समाज के प्रत्येक व्यक्ति से सक्रिय सहयोग का आह्वान किया।
बैठक में शिक्षाविद रमेश चंद्र गालरिया, सोमेश्वर व्यास, नरेश व्यास, सत्येंद्र मंडेला, कैलाश मंडेला, महावीर सुखवाल, विजय व्यास, चंद्र प्रकाश जोशी, प्रकाश दीक्षित, प्रदीप भारद्वाज, पंकज सुगंधी, रघुनंदन शर्मा, राजेंद्र गौड़, अविनाश शर्मा, सुशील गौड़, अंकित शर्मा, मनोज पुरोहित, गोल्डी पाराशर, रवि दत्त पुंडरीक, अंकुर ओझा, केशव सपूत एवं राजेंद्र सुखवाल सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।बैठक के समापन पर उपस्थित लोगों ने एक स्वर में विप्र महाकुंभ को ऐतिहासिक सफलता दिलाने का संकल्प लेते हुए समाज के अधिकाधिक लोगों को विजयनगर पहुंचने का आह्वान किया।
