कांग्रेस ने मनाया काला दिवस, काली पट्टी बांधकर निकाला विरोध मार्च

खबर को शेयर करे :-

इंडिया अलायंस के सांसदों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में जताया आक्रोश, कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पुतला फूंका

भीलवाड़ा, 8 अक्टूबर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार चलाए जा रहे “लोकतंत्र बचाओ सप्ताह” एवं “वोट बचाओ–देश बचाओ” अभियान के तहत जिला कांग्रेस कमेटी भीलवाड़ा (देहात) की ओर से गुरुवार को काला दिवस मनाया गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने हाथों पर काली पट्टी बांधकर और हाथों में तख्तियां लेकर विरोध मार्च निकाला।

कांग्रेस ने यह विरोध इंडिया अलायंस के सांसदों के साथ पुलिस प्रशासन द्वारा की गई कथित कार्रवाई के विरोध में किया। कार्यक्रम की शुरुआत गांधी भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय में सभा के साथ हुई। सभा में वक्ताओं ने लोकतंत्र, संविधान, निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के अधिकार और मताधिकार से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार रखे।

रामलाल जाट ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना

सभा को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी भीलवाड़ा (देहात) के अध्यक्ष रामलाल जाट ने कहा कि लोकतंत्र में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की आवाज का सम्मान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता और नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाती रहेगी।

जाट ने कहा कि “वोट बचाओ–देश बचाओ” अभियान के माध्यम से मताधिकार, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का मुद्दा जनता के बीच ले जाया जा रहा है।

आशीष चौधरी को यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष बनने पर दी बधाई

कार्यक्रम के दौरान यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष पद पर आशीष चौधरी के मनोनयन पर कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उन्हें शुभकामनाएं और बधाई दी।

गांधी भवन से कलेक्ट्रेट तक निकाला पैदल मार्च

सभा के बाद दोपहर 3:30 बजे कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन से जिला कलेक्ट्रेट तक पैदल विरोध मार्च निकाला गया। कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता काली पट्टी बांधकर तथा हाथों में विभिन्न तख्तियां लेकर मार्च में शामिल हुए। इस दौरान लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा को लेकर नारे लगाए गए।

कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के प्रतीकात्मक पुतले का दहन कर विरोध दर्ज कराया।

कार्यक्रम का संचालन महेश सोनी ने किया।

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में पूर्व विधायक हगामी लाल मेवाड़ा, पूर्व जिला अध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी, विधायक प्रत्याशी राजेंद्र त्रिवेदी, विधायक प्रत्याशी ओमप्रकाश नरानीवाल, विधायक प्रत्याशी नरेंद्र रेगर, पीसीसी सचिव शंकर लाल गाडरी, चेतन डीडवानिया, सुशीला सालवी, प्रद्युम्न सिंह, यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष आशीष चौधरी, लखन काकानी, इशाक मोहम्मद, लाखाराम गुर्जर, बाबूलाल माली, राधेश्याम भड़ाना, ईश्वर खोईवाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड