लाडो स्पोर्ट्स एकेडमी ने पीटीआई भर्ती में 3000 पदों की मांग को लेकर जिला कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

खबर को शेयर करे :-

स्कूलों में खेल शिक्षा मजबूत करने और रिक्त शारीरिक शिक्षक पदों पर शीघ्र भर्ती की उठाई मांग

भीलवाड़ा, 15 जून। लाडो स्पोर्ट्स एकेडमी द्वारा राजस्थान के सरकारी विद्यालयों में खेल शिक्षा को सुदृढ़ बनाने तथा शारीरिक शिक्षकों (पीटीआई) के रिक्त पदों को भरने की मांग को लेकर एक व्यापक अभियान शुरू किया गया है। इसी क्रम में एकेडमी के पदाधिकारियों ने भीलवाड़ा जिला कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री, राज्यपाल एवं शिक्षा मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।

एकेडमी अध्यक्ष किशन मालावत के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि राजस्थान में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, लेकिन सरकारी विद्यालयों में पर्याप्त संख्या में शारीरिक शिक्षकों की उपलब्धता नहीं होने से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण खेल प्रशिक्षण नहीं मिल पा रहा है। इसका असर खिलाड़ियों के प्रदर्शन और खेल विकास पर पड़ रहा है।

ज्ञापन में मांग की गई कि वर्ष 2026 की प्रस्तावित पीटीआई भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाकर कम से कम 3000 की जाए, ताकि प्रशिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें और विद्यालयों में खेल गतिविधियों को मजबूती मिल सके।इसके अलावा राज्य के सभी राजकीय विद्यालयों में लंबे समय से रिक्त चल रहे पीटीआई पदों पर शीघ्र नियुक्तियां करने की मांग भी उठाई गई। ज्ञापन में महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों सहित सभी आधुनिक स्कूलों में खेल शिक्षकों की नियुक्ति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

एकेडमी ने ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यालयों में खेल मैदान, खेल सामग्री और योग्य प्रशिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की भी मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि विद्यालय स्तर से ही खेल संस्कृति को मजबूत कर राजस्थान को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अधिक खिलाड़ी देने के लिए ठोस और प्रभावी खेल नीति बनाई जानी चाहिए।

किशन मालावत ने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार विद्यार्थियों, खिलाड़ियों और प्रशिक्षित बेरोजगार युवाओं के हितों को ध्यान में रखते हुए इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान संजय खोईवाल, लवराज गुर्जर, प्रहलाद खटीक, कमल भाटिया, तुलसी छीपा, महेंद्र गुर्जर, विनोद गुर्जर, कल्पेश खटीक, छोटूराम सेन, रमेश गुर्जर, दिनेश गुर्जर, महावीर गुर्जर, सुमित्रा पूर्बिया और गट्टू शक्तावत सहित एकेडमी से जुड़े कई खेल प्रेमी एवं युवा मौजूद रहे।

खबर को शेयर करे :-