वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य एवं अधिकारों के प्रति किया जागरूक

खबर को शेयर करे :-

भीलवाड़ा, 21 अगस्त। पतंजलि योगपीठ, हरिद्वार के निर्देशन में विजय सिंह पथिक नगर स्थित बड़े पार्क में संचालित नि:शुल्क योग कक्षा में विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर भारत स्वाभिमान न्यास के तत्वावधान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ उनके अधिकारों की जानकारी दी गई। इस दौरान बुजुर्गों को पुष्प भेंट कर नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित किया गया।

मुख्य योग शिक्षक एवं भारत स्वाभिमान न्यास के जिला प्रभारी प्रेम शंकर जोशी ने बताया कि कार्यक्रम में डॉ. ओम प्रकाश आगाल ने वरिष्ठ नागरिकों को समय-समय पर रक्तचाप, मधुमेह एवं नेत्र परीक्षण कराने की सलाह दी। उन्होंने बढ़ती उम्र में खान-पान और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों की जानकारी भी दी। योग शिक्षक एवं पूर्व प्रधानाचार्य रेखा आगाल ने वरिष्ठजनों को नियमित रूप से योग एवं प्राणायाम करने के लिए प्रेरित किया। मुख्य योग शिक्षक प्रेम शंकर जोशी ने वरिष्ठ नागरिकों को भरण-पोषण के अधिकार, संपत्ति की सुरक्षा, बेदखली से संरक्षण तथा राष्ट्रीय एल्डर हेल्पलाइन 14567 के संबंध में जानकारी दी।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में मधु लड्ढा, शशि शर्मा, सर्वेश्वर कालिया, ओमप्रकाश जागेटिया, रेखा मराठा, रमेश बांगड़, जटा शंकर एवं संध्या राठौड़ का विशेष योगदान रहा।

खबर को शेयर करे :-