नगर पालिका चुनाव को लेकर भाजपा ने कसी कमर, नेताओं ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक जुटने का किया आह्वान

खबर को शेयर करे :-

शाहपुरा। आगामी नगर पालिका चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी की ओर से मनियर कॉटेज में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों में जुटने, संगठन की मजबूती और आपसी एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में उतरने का आह्वान किया। सम्मेलन में कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह और जोश देखने को मिला।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद नगर मंडल कोषाध्यक्ष शांतिलाल मामोड़िया ने सभी अतिथियों एवं मेहमानों का स्वागत करते हुए उन्हें भाजपा के चुनाव चिह्न कमल का फूल भेंट किया। कार्यक्रम में मीसा बंदी कन्हैयालाल धाकड़ का सम्मान भी किया गया। पार्टी पदाधिकारियों ने उनके संघर्ष और योगदान को याद करते हुए सम्मान व्यक्त किया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता के रूप में राजस्थान सरकार के पूर्व मंत्री लालचंद कटारिया ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ नगर पालिका चुनाव में जुटने का आह्वान किया।

चुनाव प्रभारी महेंद्र रावत ने अपने संबोधन में कार्यकर्ताओं को हिन्दुत्व और संगठन के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। उन्होंने विपक्षी दलों द्वारा वंदेमातरम् के कथित अपमान को लेकर उन्हें आड़े हाथों लिया। नामांकन प्रक्रिया को लेकर कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए उन्होंने त्योहार के कारण उपलब्ध सीमित समय का ध्यान रखने की नसीहत दी।

महेंद्र रावत ने कार्यकर्ताओं को एक-एक वोट की कीमत समझाते हुए चुनाव प्रक्रिया को लेकर भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विदेशी फंडिंग के माध्यम से होने वाले आंदोलनों से देश को नुकसान पहुंचाने की कोशिशों को नाकाम करने के लिए केंद्र सरकार की सराहना की।

इसके बाद सह प्रभारी मिट्ठूलाल जाट ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कार्यकर्ताओं से बड़े मन के साथ संगठन हित में काम करने की अपील की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय और सकारात्मक सोच के साथ चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।

विधायक डॉ. लालाराम बेरवा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि अब भाषण कम और काम ज्यादा करने की जरूरत है। उन्होंने विधानसभा चुनाव में विपरीत परिस्थितियों के बावजूद भाजपा को बड़ी संख्या में वोट दिलाने के लिए कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि नगर पालिका चुनाव में भी इसी एकजुटता और मेहनत के साथ पार्टी को मजबूत करना है।

विधायक के विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाएं : राजेंद्र बोहरा

भाजपा जिला मंत्री राजेंद्र बोहरा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि नगर पालिका चुनाव में पार्टी कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर जनता से संवाद करना चाहिए। उन्होंने कहा कि विधायक डॉ. लालाराम बेरवा के कार्यकाल में क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों को जनता के बीच प्रमुखता से रखा जाए और इन्हीं विकास कार्यों के आधार पर कार्यकर्ताओं को जनता से भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील करनी चाहिए।

बोहरा ने कहा कि कार्यकर्ताओं को सरकार और जनप्रतिनिधियों द्वारा किए गए कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के साथ-साथ प्रत्येक मतदाता से व्यक्तिगत संपर्क करना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनाव को पूरी गंभीरता से लेते हुए बूथ स्तर पर मजबूत रणनीति के साथ काम करने का आह्वान किया।

मुख्य वक्ता लालचंद कटारिया ने कहा कि चुनाव में सफलता के लिए कार्यकर्ताओं की एकजुटता सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत मतभेदों से ऊपर उठकर संगठन के हित में मिलकर काम करने का आह्वान किया।

सम्मेलन में जिला प्रभारी संजय जैन (ताऊ), चुनाव प्रभारी महेंद्र रावत, सह प्रभारी मिट्ठूलाल जाट, समन्वयक हरीश भट्ट, पालक सुरेश सांड, सौरभ खंडाल भाजपा मंडल अध्यक्ष पंकज सुगंधी, जिला मंत्री राजेंद्र बोहरा, पूर्व पालिकाध्यक्ष कन्हैयालाल धाकड़, रघुनंदन सोनी, गोपाल गुर्जर पूर्व उप प्रधान,
नगर मंडल कोषाध्यक्ष शांतिलाल मामोड़िया, मोनू सुरेश छीपा जिला मीडिया सहसंयोजक सहित पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

नगर पालिका चुनाव को लेकर भाजपा ने दिखाई चुनावी ताकत

कार्यकर्ता सम्मेलन के माध्यम से भाजपा ने शाहपुरा में नगर पालिका चुनाव की तैयारियों को लेकर अपनी सक्रियता और संगठनात्मक ताकत का प्रदर्शन किया। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से एक-एक वोट को महत्वपूर्ण मानते हुए बूथ स्तर पर मजबूत तैयारी, घर-घर संपर्क और आपसी एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में उतरने का आह्वान किया। सम्मेलन के दौरान कार्यकर्ताओं में चुनाव को लेकर उत्साह और जोश साफ नजर आया।

खबर को शेयर करे :-