पीएम मोदी के विकसित देश से लेकर विकसित ग्राम के लक्ष्य की पूर्ति के लिए पंचायत राज चुनाव जीतना जरूरी – मदन राठौड़
नगर निकाय चुनावों में ऐतिहासिक जीत पर प्रदेश अध्यक्ष ने किया महापौर, निकाय अध्यक्षों का सम्मान
भीलवाड़ा 1 अक्टूबर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने गुरुवार को भीलवाड़ा प्रवास के दौरान भाजपा जिला कार्यालय पर पंचायतराज चुनाव की तैयारियों को लेकर संगठनात्मक बैठक ली। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने की। मंच पर विशिष्ट अतिथि जिला सह प्रभारी मिट्ठूलाल जाट, विधायक गोपीचंद मीणा, जब्बरसिंह सांखला, उदयलाल भड़ाना, लादूलाल पीतलिया, गोपाल खंडेलवाल, महापौर जसवंत कंवर, उप महापौर राधेश्याम सोमानी, पूर्व मंत्री कालूलाल गुर्जर, पूर्व विधायक विट्ठल शंकर अवस्थी, रामलाल गुर्जर, वरिष्ठ नेता पेंटर सूरज भी उपस्थित रहे।

जिला प्रवक्ता अंकुर बोरदिया ने बताया कि बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली सरकार के हाथ मजबूत करने के लिए नगर निकायों के बाद अब पंचायत राज चुनावों में भी जीत का परचम लहराकर ट्रिपल इंजन सरकार बनानी है। इसके लिए कार्यकर्ताओं में गांवों के अंतिम छोर तक पहुंचकर जनता के बीच जन जागृति लानी होगी। चौपाल पर चर्चा, नुक्कड़ सभा जैसे कार्यक्रमों से मतदाताओं को वास्तविकता से रुबरु कराना होगा। केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और विपक्ष के कारनामों को भी आमजन के सामने रखना होगा।
राहुल गांधी पर इन्वेस्टमेंट करने वालों ने भी हाथ खींच लिए, बोले मोदी और मजबूत हो रहे
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने देश विरोधी ताकतों और विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश प्रगति कर रहा है। देश में विकास के लिए बजट की कोई कमी नहीं है। भारत का परचम पूरे विश्व में फहरा रहा है और यही बात देश विरोधी विदेशी ताकतों को हजम नहीं हो रही। उन्होंने तंज कसते हुए कहा हालांकि देश को कमजोर करने के लिए राहुल गांधी पर इन्वेस्टमेंट करने वाली विदेशी ताकतों को यह समझ आ गया है कि राहुल पर निवेश यानी मोदी की और अधिक मजबूती, इसलिए अब वे उसे छोड़कर कॉकरोच जैसे हथकंडे अपनाने पर आ गए है।
जंतर मंतर के घटनाक्रम के बाद देश विरोधी ताकतों को नेस्तनाबूद करने का समय
जंतर मंतर पर जब भारत के टुकड़े करने की बात कही गई, भगवान राम के लिए अपशब्द कहे गए, पीएम मोदी और उनकी मां को अपमानित किया गया, रानी पद्मिनी के जौहर पर अपमानजनक टिप्पणी की गई, जब मीडिया की एक बहिन का कैमरा तोड़ दिया और उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया, यूथ द्वारा जिस तरह की भाषा काम में ली गई, ऐसे लोगों का समर्थन करने जब विपक्ष के नेता पहुंचे तब देश के करोड़ो देशभक्तों के मन में गुस्सा था और अब इस गुस्से को वोट की चोट में बदलकर इन देश विरोधी ताकतों को नेस्तनाबूद करने का समय है।जिस पार्टी के नेता वंदे मातरम् की गरिमा को नहीं जानते और उसका अपमान करते है, उन्हें सबक सिखाना जरूरी है।
कांग्रेस जनादेश का सम्मान करने की बजाय निष्पक्ष संवैधानिक प्रक्रिया पर सवाल उठा रही
कांग्रेस को जनादेश का सम्मान करना नहीं आता है। हार की समीक्षा करने की बजाय वे ईवीएम, एसआईआर पर ठीकरा फोड़ते है, सरकारी तंत्र पर बेबुनियाद आरोप लगाते है, चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्थाओं पर अंगुली उठाते है। उन्होंने कहा कि चोर को सब चोर ही नजर आते है। इसीलिए आज कांग्रेस में संगठन नाम की चीज बची ही नहीं है और उनके नेता आपस में ही लड़ रहे है। देश की करोड़ों जनता कांग्रेस का असली चेहरा पहचान चुकी है, यही कारण है कि चुनावों में जनता ने कांग्रेस को नकार दिया है।
16 पंचायत समितियों और जिला परिषद को कांग्रेस मुक्त बनाना है – मेवाड़ा
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने कहा कि विधानसभा, लोकसभा चुनावों में जिले को कांग्रेस मुक्त करने के बाद नगर निकाय चुनाव में भी 11 में से 8 निकाय में भाजपा ने जीत हासिल की है। आने वाले पंचायत राज चुनाव में भी 16 पंचायत समितियों और जिला परिषद में कमल खिलाकर जिले को कांग्रेस मुक्त करेंगे। उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर तीखा हमला करते हुए कहा कि मंचों से अनर्गल बयानबाजी और राज की धमकी देना इनकी फितरत में है और उनके इन्हीं कृत्यों की वजह से जिले में इस पार्टी का अस्तित्व खत्म होता जा रहा है। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि जिस पार्टी के नेता आपस में लड़ रहे है वो भला जिले की जनता का क्या विकास करेंगे।
महापौर सहित निकाय अध्यक्षों का प्रदेश अध्यक्ष ने किया सम्मान
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने नगर निकाय चुनाव में निर्विरोध महापौर निर्वाचित होने पर श्रीमती जसवंत कंवर, उपमहापौर राधेश्याम सोमानी का उपरना ओढ़ाकर सम्मान किया। इसी प्रकार बनेड़ा नगरपालिका अध्यक्ष गोपाल चरण, आसींद नगरपालिका अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह, जहाजपुर नगरपालिका अध्यक्ष अलकेश वैष्णव, गुलाबपुरा नगरपालिका अध्यक्ष विष्णुदेवी वैष्णव, बिजौलिया नगरपालिका अध्यक्ष स्नेहा तिवारी, मांडलगढ़ नगरपालिका अध्यक्ष श्वेता डांगी, बीगोद नगरपालिका अध्यक्ष लोकेश नागौरी का भी मंच पर अभिनंदन किया। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री प्रहलाद त्रिपाठी ने किया। अंत में आभार जिला महामंत्री अविनाश जीनगर के व्यक्त किया।
