बिना निर्माण स्वीकृति के अंदरूनी हिस्से में चल रहा था निर्माण कार्य, शिकायत के बाद नगर निगम ने की कार्रवाई
भीलवाड़ा। शहर के बड़ा मंदिर क्षेत्र में स्थित लड्ढा कॉम्प्लेक्स पर नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे सीज कर दिया। जानकारी के अनुसार कॉम्प्लेक्स के अंदरूनी हिस्से में बिना आवश्यक निर्माण स्वीकृति के निर्माण कार्य किया जा रहा था।बताया जा रहा है कि कॉम्प्लेक्स में हो रहे कथित अनधिकृत निर्माण को लेकर नगर निगम को लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। कार्रवाई नहीं होने पर शिकायतकर्ता ने मामले को लेकर हाईकोर्ट का रुख किया। हाईकोर्ट की ओर से नगर निगम को मामले में नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
हाईकोर्ट के आदेश के बाद नगर निगम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की। अतिक्रमण प्रभारी मुकेश शर्मा के नेतृत्व में निगम की टीम मौके पर पहुंची और निरीक्षण के बाद लड्ढा कॉम्प्लेक्स को सीज कर दिया।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार बिना स्वीकृति अथवा नियमों के विपरीत किए जा रहे निर्माण को लेकर निगम की ओर से सख्ती बरती जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति निर्माण कार्य किए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई के बाद बड़ा मंदिर क्षेत्र में बिना स्वीकृति किए जा रहे निर्माण कार्यों को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। नगर निगम की कार्रवाई को हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुपालन के रूप में देखा जा रहा है।
