योग संकल्प के साथ 25 दिवसीय सह-योग शिक्षक प्रशिक्षण शिविर का समापन, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां शुरू

खबर को शेयर करे :-

पतंजलि योग समिति भीलवाड़ा ने किया भव्य समापन समारोह, 17 जून से विशाल नि:शुल्क योग शिविर का होगा आयोजन

भीलवाड़ा। पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के तत्वावधान में पतंजलि योग समिति भीलवाड़ा द्वारा आयोजित 25 दिवसीय सह-योग शिक्षक प्रशिक्षण शिविर का बुधवार को समारोहपूर्वक समापन किया गया। 17 मई से 10 जून 2026 तक संचालित इस प्रशिक्षण शिविर का समापन डॉ. कमलाकांत शर्मा की अध्यक्षता एवं पतंजलि परिवार के संरक्षक भूपेंद्र मोगरा के मुख्य आतिथ्य में डॉ. नाहर स्मृति संस्थान मंदिर परिसर में हुआ।

समापन समारोह के अवसर पर आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 को भव्य रूप से मनाने के लिए विशेष तैयारी बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में योग जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाने और विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग से बड़े स्तर पर आयोजन करने पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम में संरक्षक भूपेंद्र मोगरा, पतंजलि योग समिति जिला प्रभारी भंवरलाल शर्मा, महिला पतंजलि योग समिति जिला प्रभारी नीरा मेहता, भारत स्वाभिमान न्यास महामंत्री प्रेमशंकर जोशी, संगठन संयुक्त मंत्री दुर्गालाल जोशी एवं रजनीकांत आचार्य सहित कई पदाधिकारियों ने अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने योग को स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार बताते हुए समाज के अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ने का आह्वान किया।

पतंजलि योग समिति के जिला प्रभारी भंवरलाल शर्मा ने बताया कि भीलवाड़ा शहर की सभी योग कक्षाओं के साधकों, पतंजलि परिवार, जांगिड़ समाज विकास समिति एवं भारत विकास परिषद के संयुक्त तत्वावधान में 17 जून से 21 जून 2026 तक पांच दिवसीय विशाल नि:शुल्क योग शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह भी उत्साह और भव्यता के साथ मनाया जाएगा।

बैठक के दौरान आयोजन को सफल बनाने के लिए सहयोगी योग शिक्षकों एवं योग साधकों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं। कार्य विभाजन के तहत गायत्री ओझा, अनुसूया ओझा, गीता शर्मा, पिंकी शर्मा, विद्या, रुद्रांशी शर्मा, ईरा व्यास, गोपाल कुमावत, दीपक शर्मा, आयुष शर्मा, रामेश्वर माणणम्या, लक्षित शर्मा, पुनीत शर्मा, प्रसन्न, दक्ष, राधेश्याम शर्मा, शंभूलाल कोठारी, सुरेश जोशी, जगदीश शर्मा, सूर्यपाल जांगिड़, नारायण माली, अशोक कनौजिया, प्रणव, विकास, राजेश चेचानी, पंकज लोहिया एवं राधेश्याम सुथार को विभिन्न दायित्व सौंपे गए।

कार्यक्रम का समापन योग संकल्प के साथ हुआ, जिसमें सभी योग साधकों ने नियमित योग अभ्यास कर स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।

खबर को शेयर करे :-