सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना से पुलिस को मिली सफलता, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल के साथ आरोपी पकड़ा
भीलवाड़ा। शहर के सुभाषनगर थाना क्षेत्र में हुई चैन स्नेचिंग की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पवन राव (20) पुत्र रतनलाल राव निवासी वार्ड नंबर 6, जी-74 बापूनगर, थाना प्रतापनगर, हाल पटेलनगर, भीलवाड़ा के रूप में हुई है।
जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा के आदेशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय राजेश आर्य के नेतृत्व तथा पुलिस उप अधीक्षक वृत्त सदर अंजलि सिंह के सुपरविजन में सुभाषनगर थानाधिकारी कैलाश कुमार विश्नोई के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था।
स्कूटी पर घर लौट रही महिला के गले से झपटा मारकर ले गए थे चेन
पुलिस के अनुसार, सुभाषनगर निवासी 60 वर्षीय प्रेम देवी पत्नी स्वर्गीय भंवरलाल रेगर ने 7 नवंबर 2026 को रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में बताया कि 4 नवंबर को शाम करीब 4:45 बजे वह अपनी बहू के साथ स्कूटी पर बाजार से घर लौट रही थीं। इसी दौरान आरसी व्यास कॉलोनी से सुभाषनगर की ओर जाते समय पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात युवक आए।
मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे युवक ने महिला के गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन और लॉकेट छीन लिया तथा मौके से फरार हो गए। महिला के अनुसार छीनी गई चेन में करीब 17 ग्राम की चेन और 5 ग्राम का लॉकेट था। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण संख्या 358/2026 धारा 304(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना से आरोपी तक पहुंची पुलिस
वारदात के खुलासे के लिए गठित टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया। साथ ही मुखबिर तंत्र सक्रिय कर चोरी के मामलों में पूर्व में चालानशुदा आरोपियों से पूछताछ की गई। संदिग्धों के हुलिए और संभावित रास्तों के आधार पर पुलिस ने फील्ड इंटेलिजेंस के जरिए जांच को आगे बढ़ाया।
सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन और अन्य सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने वारदात में शामिल पवन राव को डिटेन कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा है।
इन पुलिसकर्मियों की रही विशेष भूमिका
कार्रवाई में सुभाषनगर थानाधिकारी कैलाश कुमार विश्नोई, सहायक उप निरीक्षक इस्लाम मोहम्मद, हेड कांस्टेबल मुस्ताक मोहम्मद, कांस्टेबल सोनू, कांस्टेबल रतनलाल और कांस्टेबल सुनील शामिल रहे। पुलिस के अनुसार कांस्टेबल रतनलाल का विशेष योगदान रहा।
पुलिस द्वारा मामले में आगे की अनुसंधान कार्रवाई की जा रही है।

