रायपुर में विकास की नई सौगात, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने किए 59 करोड़ के कार्यों के लोकार्पण-शिलान्यास

खबर को शेयर करे :-

भीलवाड़ा। सहाड़ा विधानसभा क्षेत्र के रायपुर में बुधवार को विकास कार्यों को लेकर बड़ा आयोजन हुआ, जहां राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने करीब 59 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी रही।

अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में तेजी से विकास कार्य आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार जताते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार की योजनाओं का सीधा लाभ आमजन तक पहुंच रहा है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में विकास की रफ्तार पहले की तुलना में अधिक तेज हुई है और सरकार गांव से शहर तक आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने आगामी पंचायत और नगरीय निकाय चुनावों का उल्लेख करते हुए लोगों से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील भी की।

महिला सशक्तिकरण को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें सम्मानजनक अवसर उपलब्ध कराने के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने विकसित भारत 2047 के संकल्प का जिक्र करते हुए कहा कि राजस्थान भी विकास के नए आयाम स्थापित करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों से जुड़े विकास कार्यों की सौगात क्षेत्र को मिली। इनमें सार्वजनिक निर्माण विभाग, शिक्षा, चिकित्सा, पेयजल, विद्युत, आयुर्वेद, सहकारिता और पशुपालन विभाग के कार्य शामिल रहे।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को आवास की चाबियां भी सौंपी गईं। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के चयनित लाभार्थियों का सम्मान कर उन्हें योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में सांसद दामोदर अग्रवाल, सहाड़ा विधायक लादूलाल पितलिया, कुंभलगढ़ विधायक सुरेंद्र सिंह राठौड़, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भी कार्यक्रम में भागीदारी निभाई।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड