संत-महंतों के सान्निध्य में जिला कलेक्टर को सौंपा गया ज्ञापन, मुख्यमंत्री से राष्ट्रपति तक भेजा गया प्रार्थना पत्र
भीलवाड़ा। संतों, महंतों एवं महामंडलेश्वरों के मार्गदर्शन में रविवार को आयोजित गौ सम्मान आवाहन कार्यक्रम में हजारों गौ भक्तों ने भाग लिया। हरी सेवा वाटिका से निकली विशाल प्रार्थना रैली के माध्यम से जिला कलेक्टर को मुख्यमंत्री, राज्यपाल, प्रधानमंत्री एवं राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपकर गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने तथा गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत हरी सेवा वाटिका में प्रातःकाल गौ भक्तों के आगमन के साथ हुई। अल्पाहार के पश्चात स्वरम्म जी त्रिपाठी एवं उनकी टोली द्वारा वाद्य यंत्रों के साथ देशभक्ति गीतों तथा विजय मंत्र “श्री राम जय राम जय जय राम” के संगीतमय सामूहिक जाप का आयोजन किया गया। इसके बाद गौ गान के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।

जिला प्रचारक संत श्री लाल जी महाराज ने स्वागत उद्बोधन दिया। जिला समन्वयक एवं परम गौ भक्त सुनील जागेटिया ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। विधायक अशोक कुमार कोठारी ने अपने संबोधन में गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि यह प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने विश्वास जताया कि राजस्थान के मुख्यमंत्री एवं देश के प्रधानमंत्री स्वयं गौ भक्त हैं और वे जनभावनाओं को समझते हुए सकारात्मक निर्णय लेने का प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम महाराज, महामंडलेश्वर बाबू गिरी महाराज, जैन संत उपप्रवर्तक सुरेश मुनि महाराज, पावन धाम कोशीथल के संतों, महंत संतदास महाराज (हाथी भाटा), महंत मोहन शरण शास्त्री (निंबार्क आश्रम) तथा पुजारी हेमराज पोसवाल (मालासेरी डूंगरी) सहित अनेक संत-महंतों ने अपने आशीर्वचन एवं मार्गदर्शन प्रदान किए। सहाड़ा विधायक लादूलाल पितलिया ने भी गौ संरक्षण के पक्ष में अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन बाबूलाल टाक ने किया।
कार्यक्रम में जैन मुनि अरविंद म.सा., महंत बनवारी शरण काठिया बाबा, विनीत अग्रवाल (बाबा धाम), पुजारी मुरारी पांडे (पंचमुखी दरबार, रीको क्षेत्र), संत मायाराम, गोविंदराम, केशवराम, रामानंद दास महाराज, नरसिंहदास महाराज (आसींद), पुजारी माधु सालवी सहित बड़ी संख्या में संत-महंत मंचासीन रहे।
प्रार्थना रैली से पूर्व वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गौ हस्ताक्षर पत्रों का पूजन-अर्चन किया गया। इसके बाद संत-महंत, जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी लाल वस्त्र में लिपटे हस्ताक्षर पत्रों को सिर पर धारण कर संकीर्तन करते हुए रैली में शामिल हुए।

इस गौ सम्मान आवाहन में जिले से दो पदयात्राएं भी हरी सेवा वाटिका पहुंचीं। पहली पदयात्रा महंत सरजू दास महाराज के नेतृत्व में करेड़ा से तथा दूसरी श्री देवनारायण गौशाला, गलवा से भंवरलाल खारोल के सान्निध्य में पहुंची।
विशाल प्रार्थना रैली में सबसे आगे मशक बैंड, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट कैडेट्स, दुर्गा अखाड़ा की बहनें, विभिन्न वेशभूषा में सजे बालक-बालिकाएं, राजस्थानी संस्कृति को दर्शाती बैलगाड़ियां, इस्कॉन मंदिर की कीर्तन मंडली तथा शंभूजी वैष्णव की भजन मंडली आकर्षण का केंद्र रही।
रैली के समापन पर प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर को मुख्यमंत्री, राज्यपाल, प्रधानमंत्री एवं राष्ट्रपति के नाम संबोधित हजारों हस्ताक्षरों सहित ज्ञापन सौंपा। अंत में गौ सम्मान आवाहन के संभाग प्रभारी नंदकिशोर साहू ने आभार व्यक्त किया, जबकि जिला प्रभारी जगदीश तेली ने कार्यक्रम में शामिल सभी गौ भक्तों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके उत्साह और समर्पण की सराहना की।
