पोषण और स्वच्छता स्वस्थ समाज की आधारशिला : मीणा

खबर को शेयर करे :-

राष्ट्रीय पोषण माह एवं स्वच्छता अभियान 6.0 के तहत जागरूकता कार्यक्रम


कोटा। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के केन्द्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय, कोटा की ओर से महिला एवं बाल विकास विभाग के सहयोग से आदर्श आंगनवाड़ी केंद्र, लक्खी बुर्ज कोटा में राष्ट्रीय पोषण माह एवं स्वच्छता अभियान 6.0 के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केन्द्रीय संचार ब्यूरो के सहायक निदेशक रामेश्वर लाल मीणा ने बताया कि राष्ट्रीय पोषण माह 9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक मनाया जा रहा है। इस वर्ष की थीम “हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” है। उन्होंने कहा कि संतुलित एवं विविध आहार, उचित पूरक आहार, स्वच्छ पेयजल तथा व्यक्तिगत स्वच्छता को अपनाकर बच्चों, महिलाओं एवं किशोरियों के स्वास्थ्य में सुधार लाया जा सकता है।

महिला एवं बाल विकास विभाग की महिला पर्यवेक्षक सावित्री विजयवर्गीय ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों एवं महिलाओं तक पोषण और स्वच्छता संबंधी संदेश पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, महिलाओं एवं बच्चों ने सक्रिय सहभागिता की। इस दौरान पोषण एवं स्वच्छता विषय पर मौखिक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई तथा विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। परिसर में स्वच्छता गतिविधि के साथ स्वच्छता की शपथ दिलाई गई और जागरूकता रैली निकालकर स्वच्छता एवं स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में अनुपयोगी सामग्री एवं कबाड़ के उचित निस्तारण, पुराने अभिलेखों की छंटाई तथा ई-कचरे के पृथक्करण एवं पर्यावरण-अनुकूल निस्तारण के बारे में भी जानकारी दी गई।

मीणा ने कहा कि “पोषण के साथ स्वच्छता” को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर स्वस्थ परिवार एवं स्वस्थ समाज का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने अभियानों की सफलता के लिए जनभागीदारी को आवश्यक बताया।


खबर को शेयर करे :-
KP Times