छोटी हरणी स्थित हनुमान टेकरी पर 11 से 17 नवम्बर तक होगा आयोजन
भीलवाड़ा, 21 अक्टूबर। धर्मनगरी भीलवाड़ा में 11 से 17 नवम्बर तक छोटी हरणी क्षेत्र में हनुमान टेकरी स्थित श्री टेकरी के बालाजी पर श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ महोत्सव का आयोजन होने जा रहा है। इसमें व्यासपीठ से प्रतिदिन दोपहर 1 से 5 बजे तक वृन्दावन के प्रख्यात कथावाचक गौरक्षक आचार्य महेन्द्र कृष्ण शास्त्री भीलवाड़ा में पहली बार कथावाचन करेंगे। आयोजन के लिए विजयदशमी पर अभिजीत मुर्हुत में महन्त बनवारीशरण काठियाबाबा के सानिध्य में विधि विधान के साथ भूमि पूजन होने के साथ ही तैयारियां प्रारंभ हो गई। भूमि पूजन में भीलवाड़ा के विभिन्न संत महात्माओं के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन शामिल हुए। भूमि पूजन के माध्यम से आयोजन की सफलता की कामना की गई। मुकेश शास्त्री द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमि पूजन संपन्न हुआ। भूमि पूजन के बाद छोटी हरणी स्थित चारभुजा मंदिर से श्रद्धा के साथ धर्म ध्वजा आयोजन स्थल पर लाकर भगवान के जयकारों के साथ स्थापित की गई।
भूमि पूजन में आकोला शिवालय धाम से रामस्नेही दास महाराज, सियालिया से महंत रामदास त्यागी, हाथीभाटा आश्रम से महंत संतदास महाराज,पंचमुखी बालाजी मंदिर रीको के पुजारी मुरारी पांडे, पुजारी ओम साईराम सहित कई संतों का सानिध्य मिला। इस दौरान भक्तों में नगर निगम उप महापौर राधेश्याम सोमानी, ज्योतिष सीताराम त्रिपाठी, ओमप्रकाश बुलिया, गोपाल मामाजी, शशिकुमार गर्ग, एसएन गग्गड़, उमेश शुक्ला, संजीव राठी, रामनारायण बिड़ला, गणपतलाल शर्मा, राधेश्यामजी, प्रेमलता शर्मा आदि मौजूद रहे एवं आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया। छोटी हरणी गांव के सभी निवासी भी भूमि पूजन में शामिल हुए।
कथा आयोजन के सूत्रधार महन्त बनवारीशरण काठियाबाबा ने बताया कि श्रीमद भागवत कथा प्रारंभ होने से पूर्व श्रद्धा एवं आस्था के साथ कलश शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें सैकड़ो महिलाएं सिर पर मंगल कलश लेकर चलेगी। कथा के लिए मंदिर क्षेत्र में विशाल पांडाल का निर्माण किया जाएगा। इस पांडाल में हजारों श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था रहेगी एवं कथा से जुड़े सभी जरूरी प्रबंध किए जाएंगे।
कथा आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न कार्यकर्ताओं को अलग-अलग दायित्व सौंपे जा रहे है। पहले दिन व्यास पीठ पर श्रीमद् भागवत की स्थापना के साथ श्रीमद् भागवत महात्म्य मंगलाचरण कथा प्रारंभ होगी। प्रतिदिन अलग अलग प्रसंगों का वाचन होंगा। आयोजन का लाभ भीलवाड़ा अधिकाधिक धर्मप्रेमियों को मिले इसके लिए विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों को भी इस आयोजन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है।
