विश्व प्रकृति दिवस पर लिया संकल्प, घर-घर महकेगी ‘आरोग्य की बगिया’विश्व प्रकृति दिवस पर बांटे औषधीय पौधे

खबर को शेयर करे :-


भीलवाड़ा, 3 अक्टूबर। पर्यावरण संरक्षण और ‘हर घर आरोग्य’ के संदेश के साथ आज विश्व प्रकृति दिवस के पावन अवसर पर शहर में एक अनूठी और अनुकरणीय पहल देखने को मिली। विजय सिंह पथिक नगर स्थित राज योगा एंड वैलनेस सेंटर पर भारत स्वाभिमान न्यास, करुणा केंद्र के संयुक्त तत्वाधान में एक वृहद औषधीय पौधा वितरण कार्यक्रम का गरिमापूर्ण आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं भारत स्वाभिमान न्यास के जिला प्रभारी व करुणा केंद्र के महामंत्री प्रेम शंकर जोशी ने उपस्थित योग साधकों को पर्यावरण की महत्ता समझाते हुए इन पौधों को अपने घरों में लगाने और उनकी अपनी संतानों की तरह अच्छी परवरिश करने का सामूहिक संकल्प दिलाया। जोशी ने कहा, “प्रकृति ही हमारा एकमात्र सुरक्षा कवच है। आज के दौर में घर-घर औषधीय पौधे लगाना केवल शौक नहीं, बल्कि स्वास्थ्य के लिहाज से बेहद जरूरी हो गया है।”
रसोई से लेकर स्वास्थ्य तक काम आएंगे ये पौधे:
इस अभियान के तहत योग साधकों को उच्च गुणवत्ता के औषधीय पौधे निःशुल्क वितरित किए गए। इनमें मुख्य रूप से रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाली तुलसी, पाचन दुरुस्त रखने वाला मीठा नीम, पथरी की अचूक दवा पत्थरचट्टा, लिवर और बुखार में रामबाण कालमेघ, सुगंधी और औषधीय गुणों से भरपूर मरवा तथा शीतलता प्रदान करने वाला पिपरमेंट शामिल थे।
प्रकृति और स्वास्थ्य के इस त्रिवेणी संगम कार्यक्रम के दौरान समाजसेविका अर्चना थोरात, संगीता जैन, कविता माहेश्वरी, सुनीता जोशी, विद्या जैन, पुष्प लता जोशी सहित राज योगा सेंटर के कई वरिष्ठ योग साधक एवं प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित थे। सभी ने उक्त संस्थाओं के इस सेवाभावी प्रयास की मुक्त कंठ से सराहना की।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड