ईंट भट्ठे पर करंट लगने से युवक की मौत, आंधी-तूफान के दौरान हुआ हादसा

खबर को शेयर करे :-

बिजली आपूर्ति बाधित होने के बाद इन्वर्टर चालू करते समय हुआ हादसा, पुलिस जांच में जुटी

शाहपुरा (भीलवाड़ा) – राजेन्द्र खटीक।
शाहपुरा थाना क्षेत्र के सूरज सिंह जी का खेड़ा स्थित एक ईंट भट्ठे पर करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान रामस्वरूप खटीक (35) पुत्र श्रीराम खटीक निवासी बनेड़ा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रविवार रात क्षेत्र में आए तेज आंधी-तूफान के कारण ईंट भट्ठे की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बिजली बंद होने के बाद इन्वर्टर से रोशनी चालू करने का प्रयास किया जा रहा था। इसी दौरान तकनीकी खराबी के चलते करंट फैल गया और रामस्वरूप उसकी चपेट में आ गए।

पूर्व सरपंच गणपत खटीक ने बताया कि सुबह जब अन्य मजदूर कार्यस्थल पर पहुंचे तो रामस्वरूप अचेत अवस्था में पड़े मिले। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही शाहपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शाहपुरा जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

घटना की सूचना मिलने पर खटीक समाज के लोग बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे और शोक व्यक्त किया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

खबर को शेयर करे :-