16108 तुलसी-शालिग्राम विवाह महोत्सव का मंगल शुभारंभ, छोटे विनायक की हुई स्थापना

खबर को शेयर करे :-

20 नवंबर को मेडिसिटी ग्राउंड पर सजेगा भव्य धार्मिक आयोजन, 12 नवंबर से शुरू होगा विराट श्रमदान महाभियान

भीलवाड़ा। धर्मनगरी भीलवाड़ा में 20 नवंबर को आयोजित होने जा रहे 16108 श्री तुलसी-शालिग्रामजी विवाह महामहोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। आजादनगर स्थित मेडिसिटी ग्राउंड पर होने वाले इस भव्य धार्मिक आयोजन का शुभारंभ सोमवार को विधि-विधान के साथ छोटे विनायक की स्थापना कर किया गया।

खबर प्रसार टाइम्स

इस महामहोत्सव की विशेष बात यह होगी कि पहली बार राजाधिराज मेवाड़ धणी श्री गढ़बोर चारभुजानाथ बारात लेकर भीलवाड़ा पधारेंगे। उनके साथ शहर के विभिन्न मंदिरों में विराजित भगवान चारभुजानाथ भी बारात में शामिल होंगे। सकल सनातन परिवार की प्रेरणा से श्री तुलसी शालिग्राम विवाह समिति के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है।

महोत्सव के सूत्रधार पंडित विष्णु कृष्ण तनय महाराज के सानिध्य में छोटे विनायक की स्थापना तुलसी महारानीजी के धर्म माता-पिता बनने वाले राधेश्याम चेचाणी परिवार तथा रामप्रकाश मनीष बहेड़िया परिवार के निवास पर की गई। समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष छगनलाल जैन ने बताया कि विनायक स्थापना के साथ ही तुलसीजी के विवाह की पारंपरिक मांगलिक रस्मों का शुभारंभ हो गया है।

21 वाहनों के काफिले के साथ जाएंगे श्रद्धालु

समिति के आचार्य योगेंद्र शर्मा ने बताया कि भगवान चारभुजानाथ को विवाह का निमंत्रण देने के लिए भीलवाड़ा के विभिन्न मंदिरों में यजमान परिवारों एवं समिति सदस्यों द्वारा निमंत्रण पत्रिकाएं समर्पित की जा चुकी हैं। वहीं, 14 नवंबर को यजमान राधेश्याम रितेश चेचाणी परिवार सहित मुख्य समिति के सदस्य 21 वाहनों के काफिले के साथ श्री गढ़बोर चारभुजानाथ के दरबार में पहुंचकर मंगल लग्न पत्रिका समर्पित करेंगे और प्रभु को बारात लेकर पधारने का निमंत्रण देंगे।

12 नवंबर से शुरू होगा विराट श्रमदान महाभियान

आयोजन समिति के संयोजक एस.एन. गग्गड़ ने बताया कि महोत्सव स्थल मेडिसिटी ग्राउंड की सफाई एवं स्वच्छता के लिए 12, 13, 15 और 16 नवंबर को सुबह 7:30 बजे से विराट श्रमदान महाभियान आयोजित किया जाएगा। आयोजन के सूत्रधार पंडित विष्णु कृष्ण तनय महाराज के सानिध्य में होने वाले इस अभियान में श्रद्धालु एवं भक्तजन कारसेवा कर मैदान की सफाई करेंगे। समिति ने शहरवासियों से अधिकाधिक संख्या में श्रमदान में शामिल होने की अपील की है।

उन्होंने बताया कि इस महोत्सव में तुलसीजी के धर्म माता-पिता बनने के लिए भीलवाड़ा सहित विभिन्न स्थानों से हजारों श्रद्धालुओं ने पंजीयन कराया है। आयोजन को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ता परिवारजनों, मित्रों एवं समाजजनों को भी जोड़ने में जुटे हुए हैं।

17 नवंबर से शुरू होंगे धार्मिक कार्यक्रम

समिति के सह संयोजक दिनेश विजयवर्गीय ने बताया कि महामहोत्सव के अंतर्गत 17 से 19 नवंबर तक प्रतिदिन दोपहर 1 से 4 बजे तक मेडिसिटी ग्राउंड पर रुक्मिणी मंगल कथा का आयोजन होगा। कथा का वाचन पंडित विष्णु कृष्ण तनय महाराज करेंगे।

समिति के उपाध्यक्ष हनुमान अग्रवाल ने बताया कि कथा श्रवण के लिए हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए आयोजन स्थल पर विशाल पांडाल तैयार किया जा रहा है।

आयोजन की तैयारियों में रजनीकांत आचार्य, नंदकिशोर जोशी, सुरेश जोशी, गोविंद भाटिया, संजय प्रताप सिंह पारीक, गोपीकृष्ण पाटोदिया, गणेश गुप्ता, कौशल्या भाटिया, पंडित गौरव भट्ट सहित अनेक कार्यकर्ता समर्पित भाव से जुटे हुए हैं। समिति का लक्ष्य इस भव्य धार्मिक आयोजन को जनसहभागिता के साथ ऐतिहासिक एवं यादगार बनाना है।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड