1500 किलो सब्जियों सहित विशाल अन्नकूट का लगाया भोग, पारंपरिक वेशभूषा में 30 ग्वालों ने निभाई प्रसाद लूट की अनूठी परंपरा
भीलवाड़ा। नौगांवा स्थित माधव गौशाला में भाईदूज के पावन अवसर पर श्री सांवरिया सेठ का छप्पन भोग महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ आयोजित हुआ। नाथद्वारा की तर्ज पर आयोजित इस महोत्सव में भगवान को 1500 किलो सब्जियों सहित विशाल अन्नकूट का महाभोग अर्पित किया गया। वहीं पारंपरिक वेशभूषा में 30 ग्वालों द्वारा निभाई गई प्रसाद लूट की अनूठी परंपरा आकर्षण का केंद्र रही। महोत्सव में हजारों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भगवान सांवरिया सेठ के दर्शन किए और महाप्रसाद ग्रहण किया।
महोत्सव को लेकर मंदिर परिसर में विशेष तैयारियां की गई थीं। भगवान के लिए तैयार किए गए विशाल महाभोग में करीब 1500 किलो मिश्रित सब्जियां, 200 किलो चौला-चावल, 125 किलो नुंगती (बूंदी) और 125 किलो पकोड़ी शामिल रही। कोटड़ी के कुशल कारीगरों एवं सहयोगियों ने पूरी शुद्धता और पारंपरिक विधि से महाभोग तैयार किया। प्रधान कारीगर दिनेश के नेतृत्व में 13 कारीगरों की टीम ने सब्जियों की कटाई से लेकर महाभोग तैयार करने तक की सेवा समर्पित भाव से निभाई।
30 ग्वालों ने निभाई प्रसाद लूट की अनूठी परंपरा
महोत्सव का मुख्य आकर्षण पारंपरिक प्रसाद लूट की रस्म रही। इसके लिए गौशाला के 30 ग्वालों एवं पंडितों का चयन किया गया था। सभी धोती, भगवा वस्त्र और साफे की पारंपरिक वेशभूषा में नजर आए। भगवान को भोग अर्पित होने के बाद ग्वालों ने वनवासी (भील) परंपरा के अनुरूप हाथों में टकरियां लेकर चौला-चावल सहित अन्य प्रसाद एकत्र किया। इसके बाद निर्धारित परंपरा के अनुसार श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद लूट की रस्म निभाई गई। इस अनूठे आयोजन को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
श्रीनाथजी की पोशाक से किया मनमोहक श्रृंगार
भाईदूज पर सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा। महोत्सव का शुभारंभ भगवान सांवरिया सेठ के दुग्धाभिषेक के साथ हुआ। इसके बाद इंदौर से विशेष रूप से लाई गई श्रीनाथजी की सुंदर पोशाक से भगवान का मनमोहक श्रृंगार किया गया। आकर्षक श्रृंगार के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन के साथ भव्य दीपोत्सव और महाआरती का आयोजन हुआ। दीपों की रोशनी और आकर्षक विद्युत सजावट से पूरा परिसर जगमगा उठा। श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ भगवान के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।
गौ-सेवकों का सम्मान, पंगत में कराया महाप्रसाद
महोत्सव के दौरान गौशाला में दिन-रात सेवा देने वाले गौ-सेवकों एवं ग्वालों के योगदान को सराहते हुए उनका सम्मान किया गया। इसके बाद मंदिर परिसर में पंगत व्यवस्था के तहत श्रद्धालुओं को प्रेमपूर्वक अन्नकूट महाप्रसाद परोसा गया। बड़ी संख्या में भक्तों ने पंगत में बैठकर महाप्रसाद ग्रहण किया।
नौगांवा के इस भव्य छप्पन भोग महोत्सव में पुष्टिमार्गीय परंपरा, गौ-सेवा और ठाकुरजी के प्रति अटूट श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। विशाल अन्नकूट, पारंपरिक प्रसाद लूट, मनमोहक श्रृंगार और भव्य महाआरती ने आयोजन को श्रद्धालुओं के लिए यादगार बना दिया।

