राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए उनका योगदान अविस्मरणीय : श्रवण सिंह राव
भीलवाड़ा, 23 जून। भारतीय जनता पार्टी द्वारा जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि को बलिदान दिवस के रूप में भाजपा जिला कार्यालय में श्रद्धापूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम भाजपा प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार आयोजित किया गया।कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश प्रकोष्ठ संयोजक श्रवण सिंह राव मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने की। इस अवसर पर पूर्व सांसद सुभाष बहेड़िया, विधायक उदयलाल भड़ाना, पूर्व महापौर राकेश पाठक एवं वरिष्ठ नेता पेंटर सूरज विशेष रूप से उपस्थित रहे।
जिला प्रवक्ता अंकुर बोरदिया ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इसके बाद आयोजित विचार गोष्ठी में वक्ताओं ने उनके जीवन, विचारों और राष्ट्र निर्माण में योगदान पर प्रकाश डाला।

मुख्य वक्ता श्रवण सिंह राव ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने जम्मू-कश्मीर में अलग व्यवस्था का विरोध करते हुए “एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे” का नारा दिया और इसके समर्थन में आंदोलन किया। उन्होंने कहा कि 23 जून 1953 को रहस्यमय परिस्थितियों में जेल में उनका निधन हुआ, जिसके कारण भाजपा उनकी पुण्यतिथि को बलिदान दिवस के रूप में मनाती है।
पूर्व सांसद सुभाष बहेड़िया ने कहा कि स्वतंत्र भारत के प्रथम मंत्रिमंडल में डॉ. मुखर्जी ने उद्योग मंत्री के रूप में देश के औद्योगिक विकास की मजबूत नींव रखी। उन्होंने आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा को आगे बढ़ाने का कार्य किया और बाद में राष्ट्रीय विचारधारा को सशक्त करने के उद्देश्य से वर्ष 1951 में भारतीय जनसंघ की स्थापना की।भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का त्याग, समर्पण और राष्ट्रसेवा का भाव आज भी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से डॉ. मुखर्जी की जयंती 6 जुलाई तक जिले के सभी बूथों पर पौधारोपण अभियान चलाने का आह्वान किया।कार्यक्रम के प्रारंभ में अभियान जिला संयोजक भरत सिंह राठौड़ ने अतिथियों का स्वागत किया। आभार अभियान सह संयोजक यशोवर्धन सेन ने व्यक्त किया, जबकि संचालन भाजपा जिला महामंत्री प्रहलाद त्रिपाठी ने किया।

इस अवसर पर जिला महामंत्री अविनाश जीनगर, जगदीश गुर्जर, शुभम शर्मा, गोपाल तेली, कल्पेश चौधरी, आरती कोगटा, ललिता कंवर, ललित अग्रवाल, मनोज बुलानी, शशांक बिड़ला, अभिश्रुता सोलंकी, रागिनी गुप्ता, बाबूलाल आचार्य, महेंद्र नायक, शंकरलाल जाट, भगवत सिंह खैराबाद, घनश्याम सिंगीवाल, इमरान कायमखानी, नागेंद्र सिंह, मुकेश सोनी, ऋतुशेखर शर्मा, नंदलाल गुर्जर, आजाद शर्मा, सीपी जोशी, अर्पित समदानी, रेखा परिहार, ज्योति आशीर्वाद सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
