ढिकोला में दो साल में 50 चोरी की वारदातें, एक का भी खुलासा नहीं; बुजुर्ग पर हमले के बाद ग्रामीणों में आक्रोश

खबर को शेयर करे :-

शाहपुरा (भीलवाड़ा), राजेन्द्र खटीक। उपतहसील मुख्यालय ढिकोला में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं और पुलिस की कथित निष्क्रियता को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले दो वर्षों में करीब 50 चोरी की वारदातें हो चुकी हैं, लेकिन अब तक एक भी मामले का खुलासा नहीं हो पाया है।

ग्रामीणों के अनुसार तीन दिन पूर्व ओमप्रकाश वैष्णव की मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। घटना की सूचना पुलिस को देने के बावजूद अभी तक मामला दर्ज नहीं किया गया है। ग्रामीण युवाओं ने कथित चोर की फोटो और वीडियो भी पुलिस को उपलब्ध कराए, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।

इसी बीच बीती रात रामपाल चेचाणी के घर चोरों ने धावा बोल दिया। घर में मौजूद 80 वर्षीय बुजुर्ग के शोर मचाने पर चोरों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उनके सिर पर गंभीर चोट आई।

ग्रामीणों का आरोप है कि ढिकोला पुलिस चौकी का स्टाफ रात के समय चौकी पर उपलब्ध नहीं रहता। जनप्रतिनिधियों द्वारा फोन किए जाने के बावजूद पुलिसकर्मी समय पर मौके पर नहीं पहुंचते और कई मामलों में शिकायत दर्ज करने में भी लापरवाही बरती जाती है।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि क्षेत्र में नशाखोरी बढ़ने के कारण चोरी की घटनाओं में लगातार इजाफा हो रहा है। शराब, स्मैक और गांजे के आदी लोगों के कारण कानून-व्यवस्था प्रभावित हो रही है तथा रात्रिकालीन गश्त नहीं होने से अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।

घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण पुलिस चौकी पहुंचे और विरोध जताया। ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक सागर राणा से फोन पर वार्ता कर पूरे मामले से अवगत कराया। एसपी ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

ग्रामीणों ने प्रशासन को दो दिन का समय देते हुए चेतावनी दी है कि यदि चोरी की घटनाओं का खुलासा नहीं हुआ और कानून-व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो वे धरना-प्रदर्शन और सड़क जाम आंदोलन करेंगे। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों की जिम्मेदारी प्रशासन और सरकार की होगी।

इस दौरान पूर्व सरपंच गणपत खटीक, प्रदेश सचिव मनीष नायक, युवा मोर्चा संयोजक सुरेश भाट, सीआर भंवर बलाई, वार्ड सदस्य संदीप पटवारी, राधेश्याम खटीक, परमेश्वर जागेटिया, अभिषेक पाराशर, किशन बावरी, शेखर नायक, रामप्रसाद मीणा, राहुल नायक, ओमप्रकाश वैष्णव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

खबर को शेयर करे :-