सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में, नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

खबर को शेयर करे :-

भीलवाड़ा – राजेन्द्र खटीक। सड़क सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन, परिवहन विभाग एवं पुलिस अब पूरी तरह एक्शन मोड में आ गए हैं। संयुक्त अभियान के तहत बिना नंबर प्लेट, फर्जी अथवा छेड़छाड़ की गई नंबर प्लेट, काली फिल्म, प्रेशर हॉर्न एवं अवैध मॉडिफिकेशन वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी गई है। तीन दिनों तक जागरूकता एवं समझाइश अभियान चलाने के बाद अब प्रवर्तन (एनफोर्समेंट) की कार्रवाई तेज कर दी गई है।

जिला परिवहन अधिकारी रामकृष्ण चौधरी ने बताया कि विभाग का विशेष फोकस ऐसे वाहनों पर है जो बिना नंबर प्लेट के चल रहे हैं या जिनकी नंबर प्लेट में जानबूझकर बदलाव किया गया है। इसके अलावा चौपहिया वाहनों में काली फिल्म लगाना, प्रेशर हॉर्न का उपयोग करना तथा वाहन के मूल स्वरूप में अवैध परिवर्तन करना मोटर वाहन अधिनियम के तहत गंभीर उल्लंघन की श्रेणी में आता है। ऐसे वाहनों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाकर मौके पर ही चालानी कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने बताया कि अभियान को प्रभावी बनाने के लिए परिवहन विभाग को पुलिस एवं प्रशासन का पूरा सहयोग मिल रहा है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में विशेष उड़नदस्तों का गठन किया गया है, जो शहर के विभिन्न क्षेत्रों में निगरानी रखते हुए संदिग्ध वाहनों की जांच कर रहे हैं। विभाग का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकना और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी है।

कार्रवाई शुरू करने से पहले परिवहन विभाग द्वारा लगातार तीन दिनों तक विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों एवं कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई तथा वाहनों में किए गए अवैध बदलाव स्वयं हटाने के लिए प्रेरित किया गया। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों को समझाया गया कि नियमों की अनदेखी न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि स्वयं एवं अन्य लोगों की जान के लिए भी खतरा बन सकती है।

जागरूकता अभियान का सकारात्मक प्रभाव भी देखने को मिला। जिला परिवहन अधिकारी रामकृष्ण चौधरी के अनुसार बड़ी संख्या में वाहन मालिकों ने स्वेच्छा से अपने वाहनों से अवैध मॉडिफिकेशन हटाए हैं। कई लोगों ने स्वीकार किया कि नियमों की जानकारी के अभाव में उन्होंने ऐसे बदलाव कर लिए थे, जिन्हें अब सुधार लिया गया है।

हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि अब समझाइश का चरण समाप्त हो चुका है। जिन वाहन चालकों ने चेतावनी और जागरूकता के बावजूद अपने वाहनों को निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं बनाया है, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भारी जुर्माना, चालान एवं अन्य वैधानिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई कर यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित की जाएगी।

प्रशासन ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों को नियमों के अनुरूप रखें, यातायात नियमों का पालन करें तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाते हुए सड़क सुरक्षा अभियान में सहयोग करें।

खबर को शेयर करे :-