वृन्दावन से आए कलाकारों की रासलीला एवं मयूर नृत्य ने मोहा मन

खबर को शेयर करे :-

हनुमान टेकरी आश्रम में सप्त दिवसीय श्री विष्णु लक्ष्मी महायज्ञ का दूसरा दिन

भीलवाड़ा। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर भगवान श्रीहरि एवं माता लक्ष्मी की कृपा प्राप्ति हेतु छोटी हरणी स्थित हनुमान टेकरी आश्रम में महंत बनवारीशरण काठियाबाबा के सानिध्य में पहली बार आयोजित सप्त दिवसीय श्री विष्णु लक्ष्मी महायज्ञ के दूसरे दिन श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और भक्ति भाव से आहुतियां अर्पित कीं।

महायज्ञ के यज्ञाचार्य श्री शारदा सनातन परमार्थ न्यास के वेदाचार्य पंडित मुकेश शास्त्री के निर्देशन में 11 कुंडीय विष्णु लक्ष्मी महायज्ञ विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। प्रत्येक यज्ञ वेदी पर लक्ष्मी स्वरूपा कन्या के साथ यजमानों ने आहुतियां दीं। यज्ञ प्रारंभ होने से पूर्व कन्याओं का विधिवत पूजन किया गया।

महायज्ञ के माध्यम से राष्ट्र कल्याण, सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की कामना की गई। यह महायज्ञ 14 जून तक प्रतिदिन प्रातः 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होगा।

महायज्ञ के अंतर्गत हनुमान टेकरी स्थित काठियाबाबा आश्रम परिसर में श्री राधा रासेश्वरी रासलीला मंडल, श्रीवृन्दावनधाम (मथुरा) द्वारा भक्तिमय रासलीला का भी आयोजन किया जा रहा है। सोमवार रात्रि से शुरू हुई रासलीला में वृन्दावन से आए कलाकारों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

मंडल के दामोदरदास काठियाबाबा के निर्देशन में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का मंचन किया गया। मंडल के राजू स्वामी ने बताया कि प्रथम दिवस कंस द्वारा उग्रसेन को कारागृह में डालकर स्वयं राजा बनने तथा देवकी-वासुदेव विवाह से जुड़े प्रसंगों का प्रभावी मंचन किया गया।

रासलीला के समापन पर कलाकारों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक मयूर नृत्य श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इसकी मनोहारी प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को भक्ति रस से सराबोर कर दिया।

रासलीला के शुभारंभ अवसर पर विशिष्ट अतिथि अशोक मेलाना, पप्पू चपलोत, नंदकिशोर सोनी, शिवराज जाट, रतनलाल जाट, राजकुमार सोनी, नवीन सोनी, भरत सोनी एवं राजू प्रजापत सहित अन्य श्रद्धालुओं ने ठाकुरजी की आरती कर आयोजन का शुभारंभ किया।

मंडल में कुल 16 कलाकार शामिल हैं तथा विशेष बात यह है कि महिला पात्रों की भूमिका भी पुरुष कलाकारों द्वारा निभाई जा रही है। रासलीला का आयोजन प्रतिदिन रात्रि 8 बजे से किया जा रहा है।

खबर को शेयर करे :-