रुपपुरा निवासी 26 वर्षीय युवक पकड़ा, करीब एक लाख रुपए कीमत के चांदी के 7 छत्र बरामद
शाहपुरा -मूलचन्द पेसवानी
जिले के फूलियाकलां थाना क्षेत्र में देवनारायण मंदिर से चांदी के सात छत्र चोरी होने के मामले में पुलिस ने वारदात के सात दिन के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए चांदी के सातों छत्र बरामद कर लिए हैं। बरामद छत्रों की कीमत करीब एक लाख रुपए बताई गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से मंदिर में हुई चोरी की वारदात का खुलासा हो गया।
फूलियाकलां थानाधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि सरसुंदा चैराहे के समीप स्थित देवनारायण मंदिर में 7 अक्टूबर को चोरी की वारदात हुई थी। मामले में पुलिस ने रुपपुरा निवासी छोटूलाल गुर्जर (26) पुत्र गोपाल गुर्जर को गिरफ्तार किया है।
पुजारी की रिपोर्ट पर दर्ज हुआ था मामला
पुलिस के अनुसार, कनेछनकलां निवासी नानालाल गुर्जर (65) पुत्र छोटूलाल गुर्जर ने 7 अक्टूबर को फूलियाकलां थाने में रिपोर्ट दी थी। उन्होंने बताया कि वे सरसुंदा चैराहे के पास स्थित देवनारायण मंदिर में पुजारी का कार्य करते हैं। मंदिर में भगवान देवनारायण को चांदी के सात छत्र चढ़ाए गए थे, जिन्हें अज्ञात चोर चुराकर ले गए।
रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने प्रकरण संख्या 219ध्2026 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(डी) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज खंगाले, संदिग्धों से की पूछताछ
चोरी की वारदात को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। संभावित रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए और संदिग्धों से पूछताछ की गई। पुलिस ने मामले में बारीकी से जांच करते हुए साक्ष्य जुटाए और मुखबिरों से भी जानकारी एकत्र की।
जांच के दौरान पुलिस को वारदात में रुपपुरा निवासी छोटूलाल गुर्जर की संलिप्तता की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी से चोरी किए गए चांदी के सात छत्र भी बरामद कर लिए।
एसपी के निर्देश पर गठित की टीम
पुलिस के अनुसार, जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा के निर्देश पर पुराने मामलों के निस्तारण, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी और संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजुम कायल और शाहपुरा वृत्ताधिकारी नानालाल सालवी के सुपरविजन में फूलियाकलां थानाधिकारी दिनेश कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी।
कार्रवाई में थानाधिकारी दिनेश कुमार, सहायक उपनिरीक्षक कैलाश, कांस्टेबल सुरेश कुमार, नरसी और रमेश शामिल रहे।
पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ और प्रकरण में आगे की जांच जारी है। मंदिर से चोरी हुए सातों चांदी के छत्र बरामद होने से मामले में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
