महेश नवमी खेलकूद महोत्सव: माहेश्वरी महिला क्रिकेट प्रतियोगिता 2026 का भव्य शुभारंभ

खबर को शेयर करे :-

उत्साह, उमंग और खेल भावना के साथ महिलाओं ने दिखाई प्रतिभा

भीलवाड़ा। श्रीनगर माहेश्वरी सभा भीलवाड़ा के तत्वावधान में आयोजित महेश नवमी खेलकूद महोत्सव के अंतर्गत नगर माहेश्वरी महिला संस्थान एवं माहेश्वरी वूमेन स्पोर्ट्स क्लब द्वारा आयोजित माहेश्वरी महिला क्रिकेट प्रतियोगिता 2026 का भव्य शुभारंभ आतिशबाजी, उत्साह और जोश के साथ किया गया। प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर समाज की महिलाओं और युवतियों में खेलों के प्रति विशेष उत्साह देखने को मिला।

महेश नवमी खेलकूद महोत्सव 2026 के तहत 9 से 11 जून तक आयोजित होने वाली इस क्रिकेट प्रतियोगिता में 11 क्षेत्रीय सभाओं की टीमें हिस्सा ले रही हैं। उद्घाटन समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन तथा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अखिल भारतीय माहेश्वरी महिला संगठन की कोषाध्यक्ष श्रीमती ममता मोदानी रहीं। उनके साथ श्रीगोपाल राठी, ओम नरानीवाल, राजेन्द्र कचोलिया, नगर अध्यक्ष केदार जागेटिया, केदार गगरानी एवं संयोजक अतुल राठी, सुरेश बिरला, केजी राठी और अर्चित मून्द्रडा सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक, पदाधिकारी एवं महिला मंडल की सदस्याएं उपस्थित रहीं।

उद्घाटन समारोह में वक्ताओं ने कहा कि खेलकूद प्रतियोगिताएं समाज में एकता, अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देती हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की बढ़ती भागीदारी समाज में सकारात्मक परिवर्तन और सशक्तिकरण का प्रतीक है।

प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले खेले गए। खिलाड़ियों ने शानदार बल्लेबाजी, सटीक गेंदबाजी और बेहतरीन क्षेत्ररक्षण का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। पूरे मैदान में खेल भावना, ऊर्जा और उत्साह का माहौल बना रहा।

आयोजकों ने बताया कि महेश नवमी खेलकूद महोत्सव के तहत समाज की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। महिला क्रिकेट प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना और उनकी प्रतिभा को निखारना है।

नगर माहेश्वरी महिला संस्थान की ओर से वीना मोदी एवं विनीता तोषनीवाल तथा माहेश्वरी वूमेन स्पोर्ट्स क्लब की ओर से निशा सोनी, सोनल माहेश्वरी और कल्पना सोमानी प्रतियोगिता के सफल संचालन में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।

कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

खबर को शेयर करे :-