हरि शेवा आश्रम में पुरुषोत्तम मास के धार्मिक अनुष्ठानों की पूर्णाहुति आज, संत समागम और विष्णु यज्ञ होंगे आकर्षण का केंद्र

खबर को शेयर करे :-

रुद्राभिषेक, गंगा आरती, हनुमान चालीसा पाठ और संत सम्मेलन सहित होंगे विविध धार्मिक आयोजन

भीलवाड़ा, 14 जून। हरि शेवा उदासीन आश्रम सनातन मंदिर में सनातन सेवा समिति एवं महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम जी महाराज के सानिध्य में पुरुषोत्तम मास के उपलक्ष्य में 17 मई से संचालित धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सेवा कार्यों का भव्य समापन सोमवार, 15 जून को विविध धार्मिक अनुष्ठानों एवं संत समागम के साथ किया जाएगा।

महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम जी महाराज ने बताया कि पूरे पुरुषोत्तम मास के दौरान आश्रम में प्रतिदिन गीता पाठ, दुर्गा सप्तशती पाठ, अन्नपूर्णा स्तोत्र, श्री यंत्र पूजन, श्री सूक्त पाठ, गोपाल सहस्रनाम पाठ, महामृत्युंजय जाप, कनकधारा स्तोत्र पाठ, कल्पवृक्ष पूजन, गौसेवा, अन्नक्षेत्र, जलसेवा तथा अखंड रामनाम संकीर्तन सहित अनेक धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन आयोजनों में देश-विदेश से हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।

उन्होंने बताया कि समापन दिवस पर सोमवती अमावस्या के अवसर पर प्रातः 5 बजे गंगा, नर्मदा एवं पुष्कर के पवित्र जल से निर्मित सरोवर में संत-महात्मा स्नान एवं डुबकी लगाकर पूर्णाहुति कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। इसके पश्चात प्रातः 7 बजे आचार्य पंडित रोशन शास्त्री एवं उपाचार्य पंडित सत्यनारायण शर्मा के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विष्णु यज्ञ प्रारंभ होगा तथा हरि सिद्धेश्वर महादेव का रुद्राभिषेक किया जाएगा।

दोपहर 12:15 बजे अभिजीत मुहूर्त में यज्ञ की पूर्णाहुति संपन्न होगी। वहीं अपराह्न 3 बजे हनुमान चालीसा पाठ एवं विशाल संत समागम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें भीलवाड़ा एवं आसपास के क्षेत्रों के अनेक संत-महात्मा और महंत भाग लेंगे।

स्वामी हंसराम जी महाराज ने बताया कि संत समागम में श्रीमहंत लक्ष्मण दास जी त्यागी, महामंडलेश्वर बाबूगिरी जी महाराज, श्रीमहंत मोहन शरण जी शास्त्री, महंत बनवारी शरण जी, महंत संतदास जी महाराज, महंत रामदास जी, महंत आशुतोष जी महाराज, महंत बलराम दास जी, महंत गोपाल दास जी महाराज, महंत मोनी बाबा, महंत राम गिरि जी महाराज, महंत जयराम दास जी, महंत जमनापुरी जी, महंत जोगेश्वर दास जी महाराज, डॉ. स्वामी निर्मल दास जी महाराज सहित अनेक संत-महात्मा उपस्थित रहेंगे।

उन्होंने बताया कि पुरुषोत्तम मास के दौरान हरिद्वार के महामंडलेश्वर स्वामी जगदीश दास जी उदासीन महाराज द्वारा श्रीराम कथा, भानपुरा पीठ के जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी ज्ञानानंद जी तीर्थ द्वारा भक्तमाल कथा, पंडित गौरीशंकर शास्त्री द्वारा श्रीसत्यनारायण कथा, स्वामी अशोकानंद जी महाराज द्वारा श्रीमद्भागवत कथा तथा डॉ. स्वामी निर्मल दास जी महाराज द्वारा श्री शिवमहापुराण कथा का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

आश्रम प्रशासन के अनुसार पुरुषोत्तम मास के दौरान अमेरिका, स्पेन, आयरलैंड सहित देश के विभिन्न राज्यों एवं शहरों से श्रद्धालु यहां पहुंचे। आश्रम द्वारा संत सेवा, गौसेवा, ब्राह्मण सेवा, कन्या सेवा, दीन-दुखियों की सहायता तथा कच्ची बस्तियों में वस्त्र, कंबल और भोजन सामग्री वितरण जैसे सेवा कार्य भी किए गए।

यज्ञाचार्य पंडित रोशन शास्त्री ने बताया कि पूर्णाहुति कार्यक्रम में अमावस्या तर्पण, 33 कोटि देवी-देवताओं का पूजन, 33 प्रकार के व्यंजन एवं छप्पन भोग सहित विभिन्न वैदिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। गंगा आरती, रामधुनी विश्राम एवं समस्त पाठ-पारायण की पूर्णाहुति के साथ पुरुषोत्तम मास के आयोजनों का समापन होगा।

खबर को शेयर करे :-