भीलवाड़ा। बाल श्रम के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित शाम की सब्जी मंडी में संचालित श्री देवनारायण भोजनालय से एक बाल श्रमिक को मुक्त कराया गया। संयुक्त कार्रवाई के बाद बालक को नियमानुसार बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
रेस्क्यू के बाद बालक को बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष चंद्रकला ओझा एवं सदस्य विनोद राव के समक्ष पेश किया गया। समिति के आदेशानुसार बालक को संरक्षण, देखभाल एवं पुनर्वास की प्रक्रिया के तहत राजकीय किशोर गृह, पालड़ी भेज दिया गया।
इस संयुक्त अभियान में सिटी कोतवाली पुलिस स्टेशन के बाल कल्याण अधिकारी अशोक कुमार, चाइल्ड हेल्पलाइन के परियोजना समन्वयक हेमंत सिंह सिसोदिया तथा नवाचार संस्थान के रेड एंड रेस्क्यू ऑफिसर भगवत सिंह चारण ने सक्रिय भूमिका निभाई।
अधिकारियों ने बताया कि बाल श्रम रोकने के लिए जिले में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। यदि किसी भी प्रतिष्ठान या कार्यस्थल पर बाल श्रम की सूचना मिलती है तो संबंधित विभागों द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि यदि कहीं बाल श्रम कराया जा रहा हो तो इसकी सूचना संबंधित विभाग या चाइल्ड हेल्पलाइन को दें, ताकि बच्चों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जा सके।
