भीलवाड़ा नगर निगम महापौर चुनाव: भाजपा ने जसवंत कंवर को बनाया अधिकृत प्रत्याशी, दाखिल किया नामांकन

खबर को शेयर करे :-

भीलवाड़ा। भीलवाड़ा नगर निगम में महापौर पद के चुनाव को लेकर भाजपा ने वार्ड नंबर 9 से निर्वाचित पार्षद जसवंत कंवर को अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है। बुधवार को जसवंत कंवर ने निर्वाचन अधिकारी के समक्ष दो सेट में नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में पार्षद मौजूद रहे।

भाजपा कार्यालय में पूरी की नामांकन संबंधी औपचारिकताएं

बुधवार सुबह भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा पार्षद जसवंत कंवर और उनके प्रस्तावक पार्षदों के साथ भाजपा कार्यालय पहुंचे। यहां नामांकन से जुड़ी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की गईं। इसके बाद जसवंत कंवर नगर निगम पहुंचीं और निर्वाचन अधिकारी प्रतिभा देवठिया के समक्ष महापौर पद के लिए अपना नामांकन प्रस्तुत किया।

इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, सांसद दामोदर अग्रवाल, विधायक अशोक कोठारी, पूर्व विधायक विट्ठल शंकर अवस्थी, नगर निगम प्रभारी वीरम देव सिंह और जिला संगठन प्रभारी संजय जैन ताऊ सहित अन्य नेता मौजूद रहे। भाजपा की ओर से नगर निगम प्रभारी वीरम देव सिंह ने प्रत्याशी के पक्ष में अधिकृत सिंबल प्रस्तुत किया।

जाट और गुर्जर पार्षद बने प्रस्तावक

जसवंत कंवर के नामांकन पत्र के एक सेट में वार्ड 26 से निर्वाचित पार्षद शंकर जाट और दूसरे सेट में वार्ड 64 से निर्वाचित पार्षद जगदीश गुर्जर प्रस्तावक रहे। नामांकन प्रक्रिया के दौरान वार्ड 16 के पार्षद राधेश्याम सोमानी और वार्ड 8 की पार्षद मिथिलेश कंवर भी मौजूद रहीं।

नामांकन से पहले निर्वाचन अधिकारी प्रतिभा देवठिया ने जसवंत कंवर सहित शंकर जाट, जगदीश गुर्जर, राधेश्याम सोमानी और मिथिलेश कंवर को पार्षद पद की शपथ दिलाई। इसके बाद सभी पांचों पार्षदों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

भाजपा कार्यालय पर जसवंत कंवर का स्वागत

नामांकन प्रक्रिया के बाद दोपहर करीब 12 बजे जसवंत कंवर के भाजपा कार्यालय पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा के सान्निध्य में महिला कार्यकर्ताओं ने उन्हें उपरना ओढ़ाया, तिलक लगाया और श्रीफल व गुड़ भेंट कर अभिनंदन किया।

वरिष्ठ नेताओं ने जताया एकजुटता का संदेश

प्रत्याशी के नामांकन के दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी की एकजुटता का संदेश दिया। सांसद दामोदर अग्रवाल, जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, विधायक अशोक कोठारी और पूर्व विधायक विट्ठल शंकर अवस्थी सहित नेताओं ने शहर के विकास को लेकर अपनी प्रतिबद्धता जताई।

नेताओं ने कहा कि भाजपा की सरकार और नगर निगम के बीच समन्वय के माध्यम से भीलवाड़ा के विकास को गति देने का प्रयास किया जाएगा।

शहर के विकास को पहली प्राथमिकता: जसवंत कंवर

नामांकन दाखिल करने के बाद जसवंत कंवर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि शहर की जनता और सभी पार्षदों के सहयोग से भीलवाड़ा नगर निगम को प्रदेश में अव्वल बनाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता शहर का चौमुखी विकास और आमजन की समस्याओं का समाधान रहेगा।

जसवंत कंवर ने महिलाओं की अपेक्षाओं का भी उल्लेख करते हुए कहा कि महिला होने के नाते वे शहर की महिलाओं की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेंगी। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और जिले के वरिष्ठ नेताओं का आभार जताया।

महापौर चुनाव में अब मुकाबले पर निगाहें

भाजपा की ओर से जसवंत कंवर के नामांकन के साथ ही भीलवाड़ा नगर निगम महापौर चुनाव की तस्वीर और स्पष्ट हो गई है। अब चुनाव प्रक्रिया के अगले चरण में प्रत्याशियों की स्थिति और पार्षदों के समर्थन को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड