भीलवाड़ा: मदरसे पढ़ने आया 13 वर्षीय अरहान मंसूरी लापता, गांधीनगर थाना पुलिस तलाश में जुटी

खबर को शेयर करे :-

भीलवाड़ा। शहर के जवाहर नगर स्थित गोसी मोहल्ला क्षेत्र से 13 वर्षीय एक बालक के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत पर गांधीनगर थाना पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर बालक की तलाश शुरू कर दी है। लापता बालक की पहचान अरहान (चीनू) मंसूरी पुत्र जाकिर हुसैन, निवासी बाबा धाम के पास, भीलवाड़ा के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार, रविवार शाम करीब 4 बजे अरहान अपने बड़े भाई के साथ मदरसे पढ़ने के लिए गया था। भाई उसे मदरसे के बाहर छोड़कर चला गया, लेकिन अरहान मदरसे में प्रवेश करने के बजाय वहां से कहीं चला गया। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल सका।

जब देर शाम तक अरहान घर नहीं लौटा तो परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश की। काफी खोजबीन के बावजूद कोई जानकारी नहीं मिलने पर उन्होंने गांधीनगर थाना पहुंचकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और बालक की तलाश के लिए विभिन्न संभावित स्थानों पर खोजबीन की जा रही है।

आमजन से सहयोग की अपीलपुलिस और परिजनों ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को अरहान (चीनू) मंसूरी के संबंध में कोई भी जानकारी मिले या वह कहीं दिखाई दे, तो इसकी सूचना तुरंत गांधीनगर थाना या निकटतम पुलिस थाने को दें, ताकि बालक को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाया जा सके।

बालक की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।

खबर को शेयर करे :-