हरि शेवा उदासीन आश्रम में एसपी धर्मेंद्र यादव का भव्य सम्मान, भीलवाड़ा ने दी भावुक विदाई

खबर को शेयर करे :-

जनप्रतिनिधियों, संतों और सामाजिक संगठनों ने कार्यकाल को बताया यादगार

भीलवाड़ा। हरि शेवा उदासीन आश्रम सनातन मंदिर परिसर में बुधवार को भीलवाड़ा के पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र यादव के चित्तौड़गढ़ स्थानांतरण पर सम्मान एवं विदाई समारोह आयोजित किया गया। महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम जी उदासीन महाराज के सानिध्य में हुए इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, संत समाज और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

समारोह में वक्ताओं ने धर्मेंद्र यादव के कार्यकाल को भीलवाड़ा पुलिस प्रशासन के लिए उल्लेखनीय बताते हुए उनकी कार्यशैली की सराहना की। सांसद दामोदर अग्रवाल ने कहा कि यादव ने अपने कार्यकाल में कानून व्यवस्था को मजबूत करने के साथ माफिया गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया। उन्होंने कहा कि उनकी ईमानदार और निर्भीक कार्यशैली को भीलवाड़ा की जनता लंबे समय तक याद रखेगी।

विधायक अशोक कुमार कोठारी ने कहा कि धर्मेंद्र यादव ने प्रशासनिक जिम्मेदारियों का उत्कृष्ट निर्वहन करते हुए जनता का विश्वास जीता। उन्होंने कहा कि सेवा, करुणा और कर्तव्यनिष्ठा ही व्यक्ति को समाज में विशेष पहचान दिलाती है।

जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने भी यादव के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में कई महत्वपूर्ण पहलें सफलतापूर्वक पूरी हुईं। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम जी महाराज ने कहा कि राष्ट्रहित और समाज सेवा की भावना से किया गया कार्य सदैव सम्मान दिलाता है। वहीं हरिद्वार से पधारे महामंडलेश्वर स्वामी जगदीश दास उदासीन ने धर्मेंद्र यादव की कार्यशैली को समाज और संस्कृति के संरक्षण के लिए प्रेरणादायी बताया।

उद्योगपति त्रिलोक चंद छाबड़ा, नवग्रह आश्रम संचालक हंसराज चौधरी, गौभक्त सुनील जागेटिया, राष्ट्रीय जागरण मंच के बनवारी सोनी, विश्वास फाउंडेशन की आशा रामावत, विवेकानंद केंद्र के भगवान सिंह चौहान सहित कई वक्ताओं ने भी यादव के कार्यकाल को ऐतिहासिक बताया।

अपने संबोधन में धर्मेंद्र यादव ने भीलवाड़ा की जनता, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग को पिछले दो वर्षों में मिले सहयोग और संसाधनों की वजह से कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं सफल हो सकीं। उन्होंने अपनी उपलब्धियों का श्रेय पूरी पुलिस टीम और जिलेवासियों को दिया।

कार्यक्रम का संचालन लक्ष्मीनारायण डाड एवं बाबूलाल टाक ने किया। समारोह के अंत में विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों द्वारा धर्मेंद्र यादव का अभिनंदन किया गया।

खबर को शेयर करे :-