भीलवाड़ा। राज्य मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष जीआर मूलचंदानी गुरुवार को भीलवाड़ा दौरे पर रहे। उन्होंने सर्किट हाउस में आयोजित समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े राज्य मानवाधिकार आयोग में लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को मामलों का शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस, नगर निगम, नगर निकाय, चिकित्सा सहित विभिन्न विभागों से संबंधित मामलों की विस्तार से समीक्षा की गई। आयोग अध्यक्ष ने कहा कि मानवाधिकार से जुड़े प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध और संवेदनशील तरीके से समाधान किया जाना चाहिए, ताकि आमजन को न्याय के लिए अनावश्यक इंतजार न करना पड़े।
मानसून के मद्देनजर उन्होंने नगर निगम और नगर निकाय अधिकारियों को सीवरेज मैनहोल हर समय सुरक्षित रूप से बंद रखने, नालों एवं नालियों की नियमित सफाई कराने तथा संवेदनशील क्षेत्रों का सर्वे कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लापरवाही के कारण किसी भी प्रकार की दुर्घटना नहीं होनी चाहिए और नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
जीआर मूलचंदानी ने अधिकारियों से नियमित जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ निस्तारण करने को कहा। उन्होंने कहा कि यदि शिकायतों का समाधान जिला स्तर पर ही समय पर कर दिया जाए तो लोगों को उच्च स्तर पर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और प्रशासन के प्रति जनता का विश्वास भी मजबूत होगा।
बैठक में जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले में नियमित जनसुनवाई आयोजित कर आमजन की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। इस दौरान पुलिस अधीक्षक सागर राणा, एडीएम प्रशासन हरीतिमा, एडीएम सिटी प्रतिभा देवटिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
