सतगुरु पूजन, सेवा-सुमिरन, अन्न क्षेत्र, गौ सेवा, भंडारा प्रसाद के साथ बाबा शेवाराम साहब का मासिक प्राकट्य उत्सव भी होगा
भीलवाड़ा। गुरु के प्रति श्रद्धा, कृतज्ञता एवं समर्पण का पावन पर्व गुरु पूर्णिमा इस वर्ष भी हरी सेवा उदासीन आश्रम सनातन मंदिर, भीलवाड़ा में श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा।
महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन के सान्निध्य में उदासीनाचार्य श्री श्रीचन्द्र जी महाराज, सतगुरुओं की समाधियों, धूणा साहब, आसण साहब, छणी साहब तथा चरण पादुकाओं का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजन-अर्चन किया जाएगा। इस अवसर पर गुरु भाई, शिष्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहेंगे।
सेवा-सुमिरन की श्रृंखला में अन्न क्षेत्र सेवा, गौ सेवा, दिनभर प्रसाद वितरण एवं भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
संत गोविन्दराम ने बताया कि सायंकालीन सत्र में प्रतिमाह पूर्णिमा पर आयोजित होने वाला बाबा शेवाराम साहब का मासिक प्राकट्य उत्सव भी श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया जाएगा। कार्यक्रम में आरती, सत्संग एवं भजन-कीर्तन के पश्चात श्रद्धालुओं को भंडारा प्रसाद वितरित किया जाएगा।
उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस पावन धार्मिक आयोजन का लाभ लेने का आग्रह किया।
