बारिश में फूटा कॉलोनीवासियों का गुस्सा: विश्वकर्मा नगर-2 में सड़क पर उतरे लोग, मूलभूत सुविधाओं की खुली पोल

खबर को शेयर करे :-

भीलवाड़ा (देव करण माली )। शहर की विश्वकर्मा नगर-2 कॉलोनी में रविवार रात हुई बारिश के दौरान स्थानीय लोगों का आक्रोश सड़क पर दिखाई दिया। वर्षों से बदहाल सड़क, स्ट्रीट लाइट और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के अभाव से परेशान कॉलोनीवासियों ने बारिश के बीच सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई।

प्रदर्शन के दौरान कॉलोनीवासियों ने बताया कि क्षेत्र की सड़कें लंबे समय से जर्जर हालत में हैं। बारिश होते ही सड़कें जलमग्न हो जाती हैं और पूरे क्षेत्र में कीचड़ व पानी भर जाता है। इससे बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार वाहन फिसलने से लोग चोटिल भी हो चुके हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान अब तक नहीं हो पाया।

रहवासियों ने आरोप लगाया कि कॉलोनी में पर्याप्त स्ट्रीट लाइटें नहीं होने के कारण रात के समय पूरा इलाका अंधेरे में डूबा रहता है। इससे असामाजिक तत्वों और चोरी की घटनाओं का खतरा बना रहता है। कई बार संबंधित विभागों और जनप्रतिनिधियों को शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

प्रदर्शनकारियों ने पेयजल व्यवस्था को लेकर भी नाराजगी जताते हुए कहा कि नियमित और पर्याप्त जलापूर्ति नहीं होने से लोगों को रोजाना परेशान होना पड़ रहा है। उनका कहना है कि मूलभूत सुविधाओं के अभाव में कॉलोनीवासियों का जीवन प्रभावित हो रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहा।

बारिश के दौरान हुए इस प्रदर्शन ने राहगीरों का भी ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। कॉलोनीवासियों ने प्रशासन से तत्काल सड़क निर्माण, स्ट्रीट लाइटों की स्थापना और पेयजल व्यवस्था को सुचारु करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो कॉलोनीवासी व्यापक जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

खबर को शेयर करे :-