मौसमी बीमारियों से निपटने की तैयारी तेज, बिजली-पानी की शिकायतों पर भी कलेक्टर सख्त

खबर को शेयर करे :-

जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने जलदाय, विद्युत और चिकित्सा विभाग की समीक्षा की, अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

भीलवाड़ा। जिले में मौसमी बीमारियों की रोकथाम के साथ-साथ बिजली और पेयजल व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने सोमवार को पीएचईडी कार्यालय में जलदाय, विद्युत एवं चिकित्सा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर आमजन से सीधे जुड़े मुद्दों और विभागीय व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों को लंबित नहीं रखा जाए और उनका समय पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।

मौसमी बीमारियों को लेकर अस्पतालों की तैयारियों की समीक्षा

चिकित्सा विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने जिले में मौसमी बीमारियों की मौजूदा स्थिति और उनकी रोकथाम के लिए किए जा रहे उपायों की जानकारी ली।

उन्होंने चिकित्सा संस्थानों में आवश्यक दवाइयों, संसाधनों और अन्य व्यवस्थाओं को पर्याप्त स्तर पर बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही बीमारी से बचाव के लिए लोगों को जागरूक करने और आवश्यक तैयारियां पहले से सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

झूलते बिजली के तारों को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश

विद्युत विभाग की समीक्षा में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में झूलते बिजली के तारों सहित अन्य विद्युत संबंधी समस्याओं का मुद्दा सामने आया। कलेक्टर ने अधिकारियों को ऐसे स्थानों को चिन्हित कर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने को कहा।

उन्होंने कहा कि विद्युत आपूर्ति व्यवस्था सुचारू बनी रहे और आमजन की ओर से मिलने वाली बिजली संबंधी शिकायतों पर प्राथमिकता के साथ कार्रवाई की जाए।

तय समय पर हो पेयजल वितरण

जलदाय विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने विभिन्न इलाकों में पेयजल आपूर्ति की स्थिति और निर्धारित अंतराल के अनुसार जल वितरण की जानकारी ली।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। पानी से संबंधित शिकायतों का भी जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए गए, ताकि लोगों को पेयजल के लिए परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

जल जीवन मिशन के कामों में गुणवत्ता और समयसीमा पर जोर

बैठक में जल जीवन मिशन की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने योजना के तहत स्वीकृत और वर्तमान में चल रहे कार्यों की स्थिति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों से कहा कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं।

उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं करने और योजनाओं का लाभ आमजन तक प्रभावी तरीके से पहुंचाने के निर्देश दिए।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में एवीवीएनएल के अधीक्षण अभियंता ओपी खटोड़, सीएमएचओ डॉ. संजीव शर्मा, पीएचईडी प्रोजेक्ट के अधीक्षण अभियंता सहित जलदाय, विद्युत एवं चिकित्सा विभाग के संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड