भीलवाड़ा के तैराकों ने राज्य स्तरीय स्कूली तैराकी प्रतियोगिता में जीते 11 पदक, वैभव माली ने दो गोल्ड सहित चार मेडल जीते

खबर को शेयर करे :-

भीलवाड़ा। 70वीं स्कूली राज्य स्तरीय तैराकी प्रतियोगिताओं में स्वामी विवेकानंद तरणताल पर नियमित अभ्यास करने वाले तैराकों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 11 पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में तैराकों ने दो स्वर्ण, चार रजत और पांच कांस्य पदक अपने नाम किए।

जिला खेल अधिकारी हेमेंद्र सिंह राणावत ने बताया कि जिला खेलकूद प्रशिक्षण केंद्र, भीलवाड़ा द्वारा संचालित स्वामी विवेकानंद तरणताल के सात तैराकों ने विभिन्न आयु वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

वैभव माली ने जीते चार पदक

14 वर्ष से कम आयु वर्ग में वैभव माली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 100 मीटर और 200 मीटर बैक स्ट्रोक में स्वर्ण पदक जीते। इसके अलावा 4×100 मीटर मेडले रिले में रजत और 50 मीटर बैक स्ट्रोक में कांस्य पदक हासिल किया।

इसी आयु वर्ग में देवराज माली और अवंतिका ओझा ने 4×100 मीटर मेडले रिले में रजत पदक जीतकर सफलता हासिल की।

शुभम गांछा ने जीते दो पदक

17 वर्ष से कम आयु वर्ग में शुभम गांछा ने 100 मीटर फ्री स्टाइल में रजत और 50 मीटर फ्री स्टाइल में कांस्य पदक जीता। इसी वर्ग में अदिति खोईवाल और प्रीति माली ने 4×100 मीटर फ्री स्टाइल रिले में कांस्य पदक हासिल किया।

वहीं, 19 वर्ष से कम आयु वर्ग में प्रियंका माली ने 4×100 मीटर मेडले रिले में कांस्य पदक जीतकर जिले को गौरवान्वित किया।

राष्ट्रीय प्रतियोगिता में करेंगे राजस्थान का प्रतिनिधित्व

प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के आधार पर वैभव माली और शुभम गांछा गोवा में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय एसजीएफआई प्रतियोगिताओं में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगे। दोनों खिलाड़ियों के चयन से खेल प्रेमियों और तैराकी प्रशिक्षण केंद्र में उत्साह का माहौल है।

तरणताल पर खिलाड़ियों का किया स्वागत

तैराकों की इस उपलब्धि पर विवेकानंद खेल विकास संस्थान की ओर से तरणताल परिसर में खिलाड़ियों का स्वागत किया गया। संस्थान के अध्यक्ष श्याम सुंदर सोनी, सचिव राकेश पालीवाल, कोषाध्यक्ष कमल सिंह राणावत, उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह शेखावत, अब्बास अली कायमखानी, यमुना प्रसाद यादव तथा कार्यकारिणी सदस्य सुरेंद्र सिंह राठौड़, मुकेश मित्तल, परवीन बानो, अर्चना यादव और तनिष्का राणावत ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का संचालन कुणाल ओझा ने किया।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड