निःशुल्क होम्योपैथिक शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने लिया स्वास्थ्य परामर्श
भीलवाड़ा। तेरापंथ युवक परिषद संस्था, भीलवाड़ा द्वारा संचालित आरसी व्यास कॉलोनी स्थित आचार्य तुलसी डायग्नोस्टिक सेंटर के तत्वावधान में निःशुल्क होम्योपैथिक परामर्श एवं चिकित्सा जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के लिए चिकित्सकीय परामर्श एवं सेवाओं का लाभ लिया।
डायग्नोस्टिक सेंटर के प्रभारी अनुराग नैनावटी ने बताया कि तेरापंथ युवक परिषद द्वारा सेवा, संस्कार और संगठन के क्षेत्र में विभिन्न गतिविधियां संचालित की जाती हैं। इसी क्रम में आमजन को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उदयपुर की सुप्रसिद्ध होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. विशाखा पुरोहित के सहयोग से शिविर आयोजित किया गया।
सह प्रभारी रोहित नाहर ने बताया कि शिविर में डॉ. विशाखा पुरोहित ने मरीजों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को समझते हुए आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। साथ ही लोगों को होम्योपैथिक चिकित्सा पद्धति के प्रति जागरूक किया गया।
शिविर संयोजक अनमोल मेहता एवं शुभम दक ने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य आमजन को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ होम्योपैथी के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। शिविर के सफल आयोजन में तेरापंथ युवक परिषद के पूर्व अध्यक्ष अमित मेहता का विशेष सहयोग रहा।
इस अवसर पर तेरापंथी सभा अध्यक्ष अशोक सिंघवी, उपाध्यक्ष पारस बोहरा, दिनेश कांठेड़, मंत्री सुनील दक एवं कोषाध्यक्ष प्रकाश कावड़िया ने डॉ. विशाखा पुरोहित एवं डॉ. कवित छाजेड़ का उपरना पहनाकर स्वागत-अभिनंदन किया।
शिविर की व्यवस्थाओं में तेयुप अध्यक्ष मनोज दक, उपाध्यक्ष मनीष बोरदिया, मंत्री रवि कांठेड़, कोषाध्यक्ष हनुमान चोरड़िया, सहमंत्री दीपक गौखरू, पुनीत कावड़िया, संगठन मंत्री महेंद्र मेहता, अभातेयुप सदस्य अभिषेक आंचलिया एवं कुलदीप मारू, सदस्य नीरज आंचलिया, संदीप चोरड़िया सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
तेरापंथ युवक परिषद अध्यक्ष मनोज दक ने शिविर के सफल आयोजन पर डॉ. विशाखा पुरोहित, डॉ. कवित छाजेड़ (डेंटिस्ट), एटीडीसी मैनेजर सविता, सभी कार्यकर्ताओं एवं शिविर में पहुंचे लाभार्थियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आमजन के स्वास्थ्य एवं जागरूकता को ध्यान में रखते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के सेवा कार्य एवं चिकित्सा शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे।
