रोडवेज बस स्टैंड पर महिलाओं से जेवरात उतरवाकर चोरी करने वाला शातिर आरोपी गिरफ्तार

खबर को शेयर करे :-

भीलवाड़ा। सुभाषनगर थाना पुलिस ने रोडवेज बस स्टैंड पर उम्रदराज महिलाओं को बातों में उलझाकर उनके जेवरात उतरवाने और सामान लेकर फरार होने वाली चोरी की वारदात का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में शंभू कीर उर्फ अजय (28) निवासी नैनपुरीया, थाना नाथद्वारा, राजसमंद को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा आईपीएस के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय राजेश आर्य के नेतृत्व, सदर वृत्ताधिकारी नेमीचंद चौधरी के निकटतम सुपरविजन तथा सुभाषनगर थानाधिकारी कैलाश कुमार विश्नोई की अगुवाई में विशेष टीम गठित की गई थी। टीम को रोडवेज बस स्टैंड पर लगातार हो रही चोरी की वारदातों का खुलासा करने की जिम्मेदारी दी गई थी।

9 अगस्त 2026 को लाडपुरा क्षेत्र निवासी 51 वर्षीय मंजू कंडारा अपनी माता के साथ भीलवाड़ा रोडवेज बस स्टैंड पर शाहपुरा जाने वाली बस का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति उनके पास आया और उन्हें यह कहकर भ्रमित किया कि वहां लड़ाई-झगड़ा हो रहा है। आरोपी ने दोनों महिलाओं को अपने जेवरात उतारकर बैग में रखने के लिए कहा। महिला ने कान की टोंटी करीब एक तोला, गले का मांदलिया करीब 5 ग्राम, मोबाइल फोन और 1 हजार रुपये नकद बैग में रख दिए। इसके बाद आरोपी बैग लेकर फरार हो गया।

मामले में पुलिस थाना सुभाषनगर पर प्रकरण संख्या 260/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग

विशेष टीम ने रोडवेज बस स्टैंड सहित संभावित मार्गों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और पुराने चालानशुदा आरोपियों से पूछताछ की। मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ संदिग्ध के हुलिए और संभावित रूट की जानकारी जुटाई गई। सीसीटीवी फुटेज और फील्ड इंटेलिजेंस के आधार पर पुलिस ने शंभू कीर उर्फ अजय को चिन्हित कर उसे डिटेन किया और बाद में गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी महिलाओं को निशाना बनाकर उन्हें बातों में भ्रमित करता और उनके जेवरात उतरवाकर लेकर फरार हो जाता था। प्रारंभिक जांच में आरोपी द्वारा मांडल चौराहा, गंगापुर चौराहा, भीलवाड़ा रेलवे फाटक, चित्तौड़गढ़ बस स्टैंड और निम्बाहेड़ा में भी इसी तरह की वारदातें किए जाने की संभावना सामने आई है। पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है।

यह पुलिस टीम रही शामिल

कार्रवाई में सुभाषनगर थानाधिकारी कैलाश कुमार विश्नोई, एचसी मुस्ताक मोहम्मद, कांस्टेबल सोनू, रतन, सुनील तथा कोतवाली थाने से सउनि मदन लाल, कांस्टेबल संजय और शंभू शामिल रहे।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड