शाहपुरा में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, छात्राओं ने दी देशभक्ति प्रस्तुतियां

खबर को शेयर करे :-

शाहपुरा (भीलवाड़ा)। राजेंद्र खटीक। पीएम श्री वीर माता माणिक कंवर राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास, देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्य रीता धोबी ने ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ किया।

प्रधानाचार्य रीता धोबी ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में विद्यार्थियों को राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और देश के प्रति अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।

समारोह में छात्राओं ने देशभक्ति पैरोडी के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद किया। राजस्थानी लोक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति ने राजस्थान की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं को जीवंत कर दिया। वहीं संस्कृत भाषण के माध्यम से भारतीय संस्कृति एवं संस्कृत भाषा के महत्व पर प्रकाश डाला गया।

समूह गान ‘अनेकता में एकता’ के माध्यम से देश की विविधता में निहित एकता का संदेश दिया गया। छात्राओं ने सामूहिक व्यायाम के जरिए शारीरिक स्वास्थ्य, अनुशासन और टीम भावना का प्रदर्शन किया। विद्यालय के बैंड दल की शानदार प्रस्तुति समारोह का विशेष आकर्षण रही।

इसके साथ ही छात्राओं ने अनुशासित ढंग से भव्य परेड प्रस्तुत की। कदम से कदम मिलाकर की गई परेड ने उपस्थित लोगों को प्रभावित किया। विभिन्न सांस्कृतिक एवं देशभक्ति कार्यक्रमों के माध्यम से छात्राओं ने राष्ट्रप्रेम, एकता, सद्भाव और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।

समारोह के अंत में विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों ने देश की एकता, अखंडता और गौरव को बनाए रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में प्रस्तुति देने वाले विद्यार्थियों को पारितोषिक वितरित किए गए।

कार्यक्रम का संचालन उत्सव जयंती प्रभारी इंदिरा जैन ने किया। समारोह में उप प्राचार्य पीयूष गदिया सहित सुरेंद्र सिंह बारेठ, शिव प्रसाद शर्मा, दुर्गेश पारिक, राकेश कुमार खटीक, ज्योति सुमन, किरण सोडा, माया कोली, त्रिलोक खटीक, रानू धाकड़, मेघा केवलानी सहित विद्यालय की समस्त छात्राएं एवं स्टाफ मौजूद रहा। कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

खबर को शेयर करे :-