भीलवाड़ा। शिवाजी गार्डन में मॉर्निंग क्लब, पतंजलि परिवार, शिवाजी गार्डन योग कक्षा सहित शहर की विभिन्न योग कक्षाओं के योग साधकों की ओर से स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत तिरंगा रैली से हुई। योग साधकों ने हाथों में तिरंगा लेकर शिवाजी गार्डन के ट्रैक पर देशभक्ति के नारों के साथ रैली निकाली। इसके बाद मुख्य अतिथि पी.डी. आगीवाल, अध्यक्ष एडवोकेट भगवती लाल मूंदड़ा तथा विशिष्ट अतिथि पतंजलि परिवार के संरक्षक भूपेंद्र मोगरा एवं वरिष्ठ योग शिक्षक योगेंद्र सक्सेना ने ध्वजारोहण किया।
भारत स्वाभिमान न्यास के जिला प्रभारी प्रेम शंकर जोशी ने बताया कि कार्यक्रम में श्याम बिरला और रतन खोईवाल ने देशभक्ति से ओत-प्रोत मधुर संगीत एवं गीतों की प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों से पूरा वातावरण राष्ट्रप्रेम और उत्साह से भर गया।
समारोह में पतंजलि योग समिति के जिला प्रभारी भंवरलाल शर्मा, महिला प्रभारी नीरा मेहता सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। सभी ने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया।
कार्यक्रम का संचालन पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी कैलाश चंद तिवारी ने किया। समारोह के सफल आयोजन में दुर्गा लाल जोशी, कैलाश सोमानी, गोपी किशन पाटोदिया और नीना अग्रवाल का विशेष सहयोग रहा।
