नीट पेपर लीक मामले को लेकर जयपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन, शाहपुरा से पहुंचे कार्यकर्ता

खबर को शेयर करे :-

युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप, दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग

शाहपुरा (भीलवाड़ा) – राजेन्द्र खटीक।
नीट पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस पार्टी द्वारा जयपुर स्थित भाजपा मुख्यालय के घेराव कार्यक्रम में शाहपुरा क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आयोजित इस प्रदर्शन में शाहपुरा-बनेड़ा से कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता जयपुर पहुंचे।

प्रदर्शन में शाहपुरा-बनेड़ा कांग्रेस विधायक प्रत्याशी नरेंद्र कुमार रैगर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान शाहपुरा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष महावीर कुमावत, बनेड़ा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नारायण गाडरी, नगर कांग्रेस अध्यक्ष रमेश सेन सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि नीट पेपर लीक प्रकरण ने देशभर के लाखों विद्यार्थियों के भविष्य को प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली में लगातार हो रही गड़बड़ियां युवाओं के विश्वास को कमजोर कर रही हैं।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और छात्रों को न्याय दिलाने की मांग उठाई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी युवाओं के हितों और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।

जयपुर में हुए इस प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड