डेंगू-मलेरिया रोकथाम को लेकर स्वास्थ्य विभाग का सघन अभियान

खबर को शेयर करे :-

जलभराव वाले क्षेत्रों में घर-घर सर्वे, लार्वा मिलने पर मौके पर ही खाली करवाए पानी के पात्र

भीलवाड़ा। बारिश के बाद जलभराव वाले क्षेत्रों में मच्छरों के प्रजनन की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू, मलेरिया एवं अन्य मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए सघन अभियान चलाया। जिले के विभिन्न चिकित्सा संस्थानों के अधीन क्षेत्रों में ड्राई-डे मनाकर घर-घर सर्वे किया गया और लोगों को पानी जमा नहीं होने देने के लिए जागरूक किया गया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि अभियान के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों ने घर-घर जाकर कूलर, पानी की टंकियों, गमलों, पुराने बर्तनों और अन्य जल पात्रों की जांच की। जिन पात्रों में मच्छरों का लार्वा मिला, उन्हें मौके पर ही खाली करवाकर पानी का निस्तारण कराया गया। अनुपयोगी एवं लार्वायुक्त पानी हटवाने के साथ संबंधित स्थानों की सफाई भी करवाई गई।

लार्वा वाले स्थानों पर एंटी लारवल उपचार

चिन्हित लार्वायुक्त खड्डों, तालाबों और अन्य जलभराव वाले स्थानों पर एंटी लारवल गतिविधियां संचालित की गईं। मच्छरों के लार्वा को पनपने से रोकने के लिए आवश्यक स्थानों पर काला तेल डाला गया। इसके अलावा जरूरत वाले क्षेत्रों में एंटी एडल्ट मच्छर गतिविधियां भी की गईं।

बुखार रोगियों की भी हुई जांच

स्वास्थ्य कर्मियों ने घर-घर सर्वे के दौरान बुखार से पीड़ित लोगों की पहचान कर आवश्यकतानुसार ब्लड स्लाइड ली। मौके पर प्राथमिक उपचार और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी दिया गया। लोगों को बुखार आने पर स्वयं दवा लेने के बजाय नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच और उपचार कराने की सलाह दी गई।

डिप्टी सीएमएचओ डॉ. प्रवीण झरवाल ने कहा कि बारिश के मौसम में जलभराव मच्छरों के पनपने का प्रमुख कारण है। ऐसे में पानी को जमा होने से रोकना मच्छर नियंत्रण का सबसे प्रभावी उपाय है। उन्होंने आमजन से डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों से बचाव के लिए अपने घर और आसपास पानी जमा नहीं होने देने की अपील की।

सीएमएचओ डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने लोगों से कूलर का पानी नियमित रूप से खाली कर साफ करने, पानी की टंकियों को ढककर रखने तथा गमलों, पुराने टायर, डिब्बों और अन्य छोटे जल पात्रों में पानी जमा नहीं होने देने की अपील की। स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि सामूहिक जागरूकता और सतर्कता से मच्छरजनित बीमारियों के प्रसार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड