जहाजपुर (मोहम्मद आज़ाद नेब) । नगर पालिका चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां धीरे-धीरे बढ़ने लगी हैं। भाजपा में पार्षद पद के टिकट को लेकर कई दावेदार सक्रिय नजर आ रहे हैं, ऐसे में टिकट वितरण के समय पार्टी के भीतर घमासान की स्थिति बनने के आसार हैं। वहीं कांग्रेस में फिलहाल कुछ चुनिंदा वार्डों में ही टिकट की मांग सामने आने की जानकारी मिल रही है।
नगर पालिका क्षेत्र में कांग्रेस संगठन की धरातलीय सक्रियता फिलहाल दिखाई नहीं दे रही है। संगठन स्तर पर भी पालिका चुनाव को लेकर अभी तक कोई बड़ी तैयारी नजर नहीं आई है। इसके विपरीत भाजपा में संभावित उम्मीदवार अपने स्तर पर वार्डों में सक्रियता बढ़ाते हुए टिकट की दावेदारी मजबूत करने में जुटे हैं।
राजनीतिक जानकारों के मुताबिक मुस्लिम बाहुल्य सहित शहरी क्षेत्र के कई वार्डों में इस बार निर्दलीय उम्मीदवार भी मजबूत चुनौती पेश कर सकते हैं। चुनाव लड़ने का मानस बना चुके कुछ संभावित उम्मीदवारों ने राजनीतिक दलों से दूरी बनाकर स्वतंत्र रूप से मैदान में उतरने की तैयारी शुरू कर दी है।नगर पालिका चुनाव में टिकट वितरण के बाद तस्वीर और साफ होने की संभावना है। खासकर उन वार्डों में मुकाबला दिलचस्प हो सकता है, जहां एक ही पार्टी से कई दावेदार टिकट की दौड़ में हैं। ऐसे में भाजपा और कांग्रेस दोनों के लिए बागी एवं निर्दलीय उम्मीदवार चुनौती बन सकते हैं।
फिलहाल चुनाव की औपचारिक घोषणा से पहले ही संभावित प्रत्याशियों की गतिविधियां तेज होने लगी हैं। आने वाले दिनों में राजनीतिक दलों की संगठनात्मक तैयारियां और टिकट दावेदारों की सक्रियता बढ़ने के साथ जहाजपुर की चुनावी तस्वीर और स्पष्ट होने की उम्मीद है।
