जहाजपुर (मोहम्मद आज़ाद नेब)। नाम वापसी के बाद नगर पालिका के वार्ड नंबर 1 में चुनावी तस्वीर साफ हो गई है। वार्ड से भारतीय जनता पार्टी ने धापू बानों को प्रत्याशी बनाया है। उनके सामने कांग्रेस की ओर से सरफराज तथा निर्दलीय प्रत्याशी तालिब हुसैन चुनाव मैदान में हैं।
वार्ड नंबर 1 में कुल 545 मतदाता हैं। मतदाता विवरण के अनुसार यहां 433 मुस्लिम तथा माली, कीर सहित अन्य समाजों के 112 मतदाता हैं। वार्ड में कल्याणपुरा क्षेत्र के 365 तथा जहाजपुर नगर और नेशनल हाईवे 148D के आसपास की बस्तियों के 180 मतदाता शामिल हैं।
भाजपा की ओर से धापू बानों को प्रत्याशी बनाए जाने के बाद वार्ड में पार्टी के चुनावी समीकरण पर चर्चा शुरू हुई है। वहीं कांग्रेस ने इस बार सरफराज को प्रत्याशी बनाया है। पूर्व पार्षद सिराज मोहम्मद की जगह नए उम्मीदवार को टिकट दिया गया है। निर्दलीय तालिब हुसैन भी मुकाबले में हैं, जो पहले भी चुनाव लड़ चुके हैं।
वार्ड में चुनाव प्रचार के दौरान प्रत्याशी अपने-अपने मुद्दों और प्राथमिकताओं को लेकर मतदाताओं से संपर्क कर रहे हैं। सड़क, पानी, सफाई और अन्य स्थानीय नागरिक सुविधाएं चुनावी चर्चा के प्रमुख विषयों में शामिल हैं।
अब वार्ड नंबर 1 में भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशी के बीच मुकाबला है। किस प्रत्याशी को मतदाताओं का समर्थन मिलता है, इसका फैसला मतदान और मतगणना के बाद होगा।
