नगर निकाय चुनाव को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में भरा जोश, संगठनात्मक बैठक में जीत का मंत्र; ढाई साल में भीलवाड़ा जिले में 7 हजार करोड़ के विकास कार्यों का दावा
भीलवाड़ा, 5 सितम्बर। नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शनिवार को भीलवाड़ा पहुंचे, जहां उन्होंने भाजपा पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की संगठनात्मक बैठक को संबोधित करने के साथ भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में भव्य रोड शो किया। रिमझिम बारिश के बीच दूधाधारी मंदिर से शुरू हुए रोड शो में हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और आमजन शामिल हुए। पूरे मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा, माल्यार्पण और उपरना ओढ़ाकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया।
इससे पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दूधाधारी मंदिर एवं चारभुजानाथ मंदिर (बड़ा मंदिर) में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली तथा आमजन के विकास और समृद्धि की कामना की। दूधाधारी मंदिर परिसर में महिलाओं ने कलश धारण कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री विशेष रूप से तैयार और सुसज्जित रथ पर सवार होकर आमजन का अभिवादन स्वीकार करते रहे। रथ में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, सांसद दामोदर अग्रवाल, विधायक अशोक कोठारी एवं विट्ठलशंकर अवस्थी मौजूद रहे। रोड शो के पूरे मार्ग में ढोल-नगाड़ों के साथ भाजपा के समर्थन में नारे गूंजते रहे। घरों की छतों से महिलाओं और बच्चों ने भी मुख्यमंत्री का अभिवादन किया। मार्ग पर लगे भाजपा के झंडों से माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में नजर आया।
रोड शो से पहले भाजपा जिला कार्यालय पर आयोजित संगठनात्मक बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को नगर निकाय चुनाव में पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता विचार और संस्कार लेकर संगठन में आता है तथा राष्ट्र प्रथम की भावना से काम करता है। विपरीत परिस्थितियों में भी निस्वार्थ भाव से संगठन के लिए काम करना भाजपा कार्यकर्ता की पहचान है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि निकाय चुनाव में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं तथा उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाया जाए। उन्होंने विश्वास जताया कि भीलवाड़ा नगर निगम सहित जिले की सभी 10 नगर पालिकाओं में भाजपा जीत का परचम फहराएगी।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यकर्ता पर किसी तरह का प्रश्नचिह्न नहीं लगने देना चाहिए। कार्यकर्ता का निर्माण बड़ी मुश्किल से होता है और संगठन में प्रत्येक कार्यकर्ता के कार्य का मूल्यांकन होता है। उन्होंने जिले के सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी हित में काम करने और निकाय चुनाव में पूरी ताकत झोंकने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 में केंद्र में भाजपा की सरकार और वर्ष 2023 में राजस्थान में भाजपा की सरकार बनने के बाद डबल इंजन की सरकार बनी है। अब नगर निकाय चुनाव के माध्यम से इसे ट्रिपल इंजन की सरकार में बदलने का अवसर है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को जनता के बीच ले जाने पर जोर दिया।
जल क्षेत्र में सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राजस्थान में जल के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। ईआरसीपी, यमुना जल समझौता, ब्राह्मणी नदी योजना सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से प्रदेश में जल संकट के समाधान की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान को भी मिले जनसमर्थन का उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि पिछले ढाई साल में भीलवाड़ा जिले के सातों विधायकों ने अपने-अपने क्षेत्रों के लिए सरकार से जितना मांगा, उससे अधिक देने का प्रयास किया गया। उनके अनुसार जिले में पिछले ढाई साल में करीब 7 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्य किए जा चुके हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने मुख्यमंत्री सहित सभी अतिथियों और पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए जिला संगठन की गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने निकाय चुनाव में भाजपा की जीत का विश्वास जताया। सांसद दामोदर अग्रवाल ने आभार व्यक्त करते हुए कार्यकर्ताओं से चुनाव में पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया।
इस दौरान प्रदेश महामंत्री कैलाश मेघवाल, संभाग चुनाव सह प्रभारी लालचंद कटारिया, जिला संगठन प्रभारी संजय जैन, सह प्रभारी मिट्ठूलाल जाट, नगर निगम चुनाव प्रभारी वीरमदेव सिंह, विधायक अशोक कोठारी, गोपीचंद मीणा, उदयलाल भडाना, लालाराम बैरवा, गोपाल खंडेलवाल, जब्बरसिंह सांखला, लादूलाल पीतलिया, पूर्व सांसद सुभाष बहेड़िया एवं पूर्व विधायक विट्ठलशंकर अवस्थी सहित भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
