खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई में खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे जाएंगे
भीलवाड़ा। आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाने और मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए चिकित्सा विभाग की ओर से खाद्य सुरक्षा अभियान के तहत भीलवाड़ा शहर और गुलाबपुरा में कार्रवाई की गई। जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देशानुसार मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा की अगुवाई में खाद्य सुरक्षा विभाग की दो टीमों ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर अवधिपार खाद्य सामग्री नष्ट करवाई तथा खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए।
100 फीट रोड पर 1000 पैकेट अवधिपार कुरकुरे-नमकीन नष्ट
भीलवाड़ा शहर के 100 फीट रोड स्थित अरिहंत सेल्स एंड एंटरप्राइजेज पर कार्रवाई के दौरान करीब 1000 पैकेट अवधिपार कुरकुरे एवं बालाजी नमकीन पाए गए। टीम ने इन सभी पैकेटों को मौके पर ही नष्ट करवाया। इसके अलावा हरिहर एजेंसी से ताजमहल चायपत्ती और गोपाल रतलामी नमकीन के नमूने लिए गए, जिन्हें गुणवत्ता जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई।
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार रेगर, अशोक कुमार यादव, विजय मेहता एवं संजय वर्मा मौजूद रहे।
गुलाबपुरा में 400 लीटर अवधिपार तेल और 30 किलो मिर्च पाउडर नष्ट
खाद्य सुरक्षा विभाग की दूसरी टीम ने गुलाबपुरा स्थित नायता किराणा स्टोर पर कार्रवाई की। यहां करीब 400 लीटर अवधिपार खाद्य तेल और 30 किलोग्राम मिर्च पाउडर नष्ट करवाया गया। विभाग की ओर से हल्दी एवं कृष्णा डेयरी घी के नमूने भी संग्रहित किए गए, जिन्हें गुणवत्ता जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी नीरज मीणा एवं अंकित शर्मा मौजूद रहे।
अजमेर प्रयोगशाला में होगी नमूनों की जांच
खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से दोनों स्थानों से लिए गए नमूनों को जांच के लिए अजमेर स्थित प्रयोगशाला में भिजवाया जाएगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सामग्री खरीदते समय एक्सपायरी डेट जांचने की अपील
चिकित्सा विभाग ने आमजन से खाद्य सामग्री खरीदते समय उसके निर्माण और समाप्ति की तारीख अवश्य जांचने की अपील की है। किसी भी प्रतिष्ठान पर संदिग्ध या अवधिपार खाद्य पदार्थों की बिक्री की जानकारी मिलने पर जिला स्तरीय कंट्रोल रूम के फोन नंबर 01482-232643 पर सूचना दी जा सकती है।
