बीमार और घायल गौवंश के लिए तैयार हुआ नया गौ सेवा रथ, कल होगा पूजन

खबर को शेयर करे :-

भीलवाड़ा। श्री राम गौ सेवा समिति द्वारा गौमाता एवं अन्य बेजुबान पशुओं की सेवा के लिए तैयार किए गए नए गौ सेवा रथ (एम्बुलेंस) का पूजन एवं शुभारंभ समारोह रविवार, 13 सितंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। समारोह टंकी के बालाजी मंदिर के सामने, भीलवाड़ा में होगा।

समिति के राम लखन ने बताया कि लंबे समय से बीमार, घायल एवं असहाय गौवंश को समय पर उपचार उपलब्ध कराने तथा उन्हें सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने के लिए समिति लगातार सेवा कार्य कर रही है। इसी सेवा कार्य को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित नए गौ सेवा रथ को तैयार किया गया है।

इस गौ सेवा रथ में बीमार एवं घायल गौमाता को सुरक्षित तरीके से उठाने और एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने के लिए विशेष हाइड्रोलिक एवं लिफ्ट सिस्टम सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इससे घायल एवं असहाय पशुओं को समय पर राहत पहुंचाने में मदद मिलेगी।

समिति ने गौ सेवा रथ के निर्माण में सहयोग करने वाले सभी भामाशाहों, गौसेवकों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। साथ ही शहरवासियों एवं गौसेवकों से रविवार को आयोजित पूजन एवं शुभारंभ समारोह में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर गौसेवा के इस पुनीत कार्य को अपना आशीर्वाद एवं संबल प्रदान करने का आह्वान किया।

खबर को शेयर करे :-