भाजपा में चार नामों पर मंथन; विधायक गोपीचंद मीणा के फैसले पर टिकी निगाहें
जहाजपुर। नगर पालिका चुनाव में जनता अपना फैसला सुना चुकी है, लेकिन जहाजपुर की राजनीति में चुनावी घमासान अभी खत्म नहीं हुआ है। पार्षदों के नतीजे आने के बाद अब नगर पालिका अध्यक्ष की कुर्सी को लेकर असली सियासी खेल शुरू हो गया है। अध्यक्ष पद के लिए निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में कांता मीणा ने नामांकन पत्र दाखिल कर राजनीतिक हलकों में हलचल बढ़ा दी है।
वहीं, खबर लिखे जाने तक भारतीय जनता पार्टी की ओर से अध्यक्ष पद के लिए किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल नहीं किया था। भाजपा में अध्यक्ष पद को लेकर अंदरखाने मंथन का दौर जारी है। राजनीतिक सूत्रों के अनुसार अनुशुया शर्मा, अल्केश वैष्णव, अंतिम बाला सोनी और काली देवी मीणा के नामों पर चर्चा चल रही है।
15 भाजपा, 3 कांग्रेस और 7 निर्दलीय पार्षद
नगर पालिका के 25 वार्डों के चुनाव परिणाम में भाजपा के 15, कांग्रेस के 3 और 7 निर्दलीय पार्षद निर्वाचित होकर आए हैं। ऐसे में भाजपा के पास स्पष्ट बहुमत है, लेकिन अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर राजनीतिक समीकरणों और पार्षदों की पसंद पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
विधायक के फैसले पर टिकी निगाहें
राजनीतिक गलियारों में सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की है कि विधायक गोपीचंद मीणा का आशीर्वाद किस प्रत्याशी को मिलता है। सियासी जानकारों का मानना है कि विधायक जिसके पक्ष में मजबूती से खड़े होंगे, उसके अध्यक्ष बनने की संभावनाएं काफी मजबूत हो सकती हैं।
परकोटे से चेयरमैन की मांग, इस बार उम्मीद मजबूत
जहाजपुर में लंबे समय से परकोटे क्षेत्र से नगर पालिका अध्यक्ष बनाने की मांग राजनीतिक चर्चाओं का हिस्सा रही है। इस बार चुनावी समीकरणों के बाद परकोटे से अध्यक्ष बनने की संभावना को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। हालांकि राजनीति में अंतिम समय तक समीकरण बदलते देर नहीं लगती और जो दिखाई देता है, जरूरी नहीं कि वही सियासी नतीजे में बदल जाए।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि जहाजपुर की पालिका की कुर्सी किसके नाम होगी? भाजपा किस चेहरे पर दांव लगाएगी, निर्दलीय प्रत्याशी कांता मीणा का नामांकन क्या कोई नया समीकरण बनाएगा और विधायक गोपीचंद मीणा का सियासी ऊंट किस करवट बैठेगा—इन सभी सवालों के जवाब अध्यक्ष पद के चुनाव के साथ ही सामने आएंगे।
फिलहाल जहाजपुर में चुनावी परिणाम के बाद चेयरमैन की कुर्सी को लेकर सियासी रोमांच चरम पर है। कौन बनेगी जहाजपुर की अगली पालिका अध्यक्ष, यह भविष्य के गर्भ में छिपा है।
