पंचेश्वर महादेव से चारभुजानाथ-सर्वेश्वर महादेव तक निकली वाहन रैली, झांकियों और तेजा गायन ने बांधा समां
कोटड़ी। तेजाजी महाराज के बलिदान दिवस तेजा दशमी के अवसर पर आम चौखला जाट समाज की ओर से शनिवार को कोटड़ी में विशाल शोभायात्रा एवं वाहन रैली निकाली गई। पंचायत समिति स्थित पंचेश्वर महादेव मंदिर से शुरू हुई रैली कस्बे के प्रमुख मार्गों से होते हुए चारभुजानाथ मंदिर और सर्वेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। इसमें बड़ी संख्या में समाजबंधुओं ने भाग लिया।
शोभायात्रा में जाट समाज के गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक विरासत को दर्शाती झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। बैंड-बाजों और डीजे की धुन पर युवाओं ने वाहन रैली में उत्साहपूर्वक भाग लिया। पारंपरिक अलगोजा वादन और तेजाजी महाराज के जयकारों से वातावरण भक्तिमय नजर आया।
जगह-जगह हुआ स्वागत
शोभायात्रा के कस्बे में पहुंचने पर विभिन्न स्थानों पर लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। झांकियों और पारंपरिक प्रस्तुतियों को देखने के लिए मार्ग के दोनों ओर लोगों की भीड़ रही।
ब्लॉक अध्यक्ष देवराज जाट ने बताया कि तेजा दशमी पर आम चौखला जाट समाज की ओर से प्रतिवर्ष यह आयोजन किया जाता है। इसका उद्देश्य समाज को अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना तथा सामाजिक एकता को मजबूत करना है।
सोपरा और चावंडिया से पहुंचे समाज के बुजुर्गों ने पारंपरिक तेजा गायन प्रस्तुत किया। इसमें तेजाजी महाराज के जीवन और बलिदान की गाथा का गायन किया गया।
मेवाड़ी पगड़ी और उपरणा पहनाकर अतिथियों का सम्मान
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व डेयरी चेयरमैन रतनलाल चौधरी रहे। राजस्थान मेवाड़ जाट महासभा के प्रदेशाध्यक्ष शंकर कुड़ी, जिला अध्यक्ष देवबक्ष जाट, ब्लॉक अध्यक्ष कैलाश चंद्र गोदारा, शोभाराम तोगड़ा, कन्हैयालाल जाट, भवानीराम नागा, नारायणलाल जाट, भेरूलाल जाट सहित समाज के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
बाहर से आए अतिथियों का समाज की ओर से मेवाड़ी पगड़ी एवं उपरणा पहनाकर स्वागत किया गया।
शिक्षा और आर्थिक आत्मनिर्भरता पर जोर
रतनलाल चौधरी ने समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों और सरकारी सेवाओं में चयनित युवाओं के सम्मान को नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी बताया। उन्होंने युवाओं को शिक्षा, रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं के क्षेत्र में आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
प्रदेशाध्यक्ष शंकर कुड़ी ने सामाजिक आयोजनों में फिजूलखर्ची कम करने और शिक्षा के साथ कारोबार व व्यापार को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने कोटड़ी में विवाह सम्मेलन आयोजित करने का प्रस्ताव रखा, ताकि सामूहिक आयोजनों के माध्यम से अनावश्यक खर्च को कम किया जा सके।
वरिष्ठ समाजसेवी कन्हैयालाल जाट ने कोटड़ी में जाट छात्रावास का निर्माण शुरू करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि छात्रावास बनने से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को शिक्षा के बेहतर अवसर मिल सकेंगे।
कार्यक्रम का मंच संचालन व्याख्याता शंकरलाल जाट एवं शिक्षक रामकिशन जाट ने किया। आयोजन की व्यवस्थाओं में सुखदेव जाट, कन्हैयालाल जाट, कमलेश जाट, राहुल जाट, अंकित जाट, किशन जाट, संजय जाट सहित समाज के अनेक लोगों ने सहयोग किया।
