जिला स्तरीय कुश्ती और तैराकी प्रतियोगिता में सुभाष नगर विद्यालय के खिलाड़ियों ने मारी बाजी

खबर को शेयर करे :-

विद्यालय के खिलाड़ियों ने जीते 5 स्वर्ण सहित कुल 9 पदक, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन पर जताई खुशी

भीलवाड़ा। 70वीं जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में सुभाष नगर विद्यालय के खिलाड़ियों ने कुश्ती और तैराकी में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। सर्वोदय शिक्षण संस्थान में आयोजित कुश्ती तथा विट्टी इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित तैराकी प्रतियोगिता में विद्यालय के 17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर कुल 9 पदक अपने नाम किए।

विद्यालय के शारीरिक शिक्षा व्याख्याता लक्ष्मण आर्य ने बताया कि कुश्ती प्रतियोगिता में सागर शर्मा ने 92 किलोग्राम, राम लखन ने 70 किलोग्राम, योगेश बलाई ने 67 किलोग्राम तथा ऋषि साहू ने 71 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किए। वहीं, अर्पित ने 61 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य तथा गायत्री ने 43 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक प्राप्त किया।

तैराकी प्रतियोगिता के 17 वर्ष आयु वर्ग में दीपक मीना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 200 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक में स्वर्ण, 100 मीटर में रजत तथा 50 मीटर में कांस्य पदक जीतकर विद्यालय को गौरवान्वित किया।

खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर टीम प्रभारी अविरल भारद्वाज, सुमन सुवालका और लक्ष्मण आर्य ने सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

विद्यालय की संस्था प्रधान उर्मिला जोशी ने खिलाड़ियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए टीम प्रभारियों और शारीरिक शिक्षक की मेहनत एवं लगन की सराहना की। उन्होंने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर विद्यालय के समस्त स्टाफ ने हर्ष व्यक्त करते हुए विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी।

खबर को शेयर करे :-