मनुष्यों के लिए शाकाहार सर्वोत्तम पौष्टिक आहार : शांतिलाल जैन
भीलवाड़ा। आज संपूर्ण विश्व क्रूरता, हिंसा और बर्बरता के दौर से गुजर रहा है। हिंसा, हत्या और अशांति जैसे हालात जनजीवन को प्रभावित कर रहे हैं। ऐसे समय में विद्यार्थियों में अहिंसा, करुणा और शांति के भाव विकसित करने के लिए करुणा क्लब एक सशक्त माध्यम है। यह विचार राष्ट्रीय लोक अदालत सदस्य शांतिलाल जैन ने न्यू आइडियल पब्लिक सेकेंडरी स्कूल, पुलिस लाइन में आयोजित करुणा क्लब स्थापना समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में व्यक्त किए।
करुणा केंद्र भीलवाड़ा के महामंत्री प्रेम शंकर जोशी ने बताया कि करुणा इंटरनेशनल, चेन्नई की ओर से एक सार्वभौमिक अभियान के तहत पशु क्रूरता रोकने और विद्यार्थियों को शाकाहार के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से विद्यालयों में करुणा क्लब स्थापित किए जा रहे हैं। करुणा क्लब से जुड़कर विद्यार्थी विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से प्राणी मात्र के प्रति मैत्री भाव, पीड़ितों के प्रति करुणा तथा विपरीत विचार रखने वालों के प्रति मध्यस्थ भाव रखना सीखते हैं।
संस्था प्रधान तेज सिंह चौहान ने बताया कि विद्यालय में शारदा प्रजापत को करुणा क्लब प्रभारी तथा भगवती पारीक को सह प्रभारी नियुक्त किया गया है। दोनों को विद्यालय में नियमित रूप से करुणा संबंधी गतिविधियां संचालित करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर करुणा केंद्र के अध्यक्ष घनश्याम कास्ट ने विद्यार्थियों एवं उपस्थितजनों को शाकाहार अपनाने, प्राणी मात्र के प्रति मैत्री भाव रखने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए करुणा शपथ दिलाई।
