नगर निगम भीलवाड़ा में ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026’ का शुभारंभ, चार स्थानों पर 1000 दीपों से दिया स्वच्छता का संदेश

खबर को शेयर करे :-

भीलवाड़ा, 18 सितंबर। नगर निगम भीलवाड़ा की ओर से ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026’ का शुभारंभ 17 सितंबर से किया गया। नगर निगम आयुक्त कमल सिंह यादव के निर्देशन में शुरू हुए अभियान के तहत शहर में विशेष सफाई अभियानों के साथ जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

अभियान के पहले दिन शाम 7 बजे आमजन की सहभागिता से दीप प्रज्वलन एवं स्वच्छता शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। शहर के चार चयनित स्थानों पर कुल 1000 दीप प्रज्वलित किए गए। इनमें अरिहंत हॉस्पिटल के पास बापू कॉलोनी, वार्ड नंबर 62 में सारस्वत भवन के पास, वार्ड नंबर 12 तथा रामधाम के पीछे एच सेक्टर, आजाद नगर शामिल रहे।

दीप प्रज्वलन के माध्यम से नागरिकों को अपने घरों के बाहर और आसपास स्वच्छता बनाए रखने, साफ-सफाई के प्रति जागरूक रहने तथा स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नागरिकों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई। नगर निगम की ओर से अभियान को प्रभावी बनाने के लिए निगम कर्मचारियों की चार विशेष टीमों का गठन किया गया है, जिन्हें अलग-अलग स्थानों पर कार्यक्रम की जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

नगर निगम प्रशासन के अनुसार ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026’ के तहत आगामी दिनों में भी शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सफाई एवं जन-जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड