तीन दिन गांव-गांव लगेगा ‘सेवा सेतु’, दफ्तरों की दौड़ पर लगेगा ब्रेक!

खबर को शेयर करे :-

हमीरगढ़ | रिपोर्टर गोविंद वैष्णव

राजस्व संबंधी कामों के लिए महीनों तक सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने वाले ग्रामीणों के लिए राहत की खबर है। विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत 26 से 28 सितंबर तक जिले के प्रत्येक गिरदावर सर्किल मुख्यालय पर ‘सेवा सेतु अभियान’ के विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविर सुबह 9.30 बजे से शाम 6 बजे तक लगेंगे, जहां विभिन्न मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया जाएगा।

खाता बंटवारा हो या नामांतरण, शिविर में समाधान

शिविरों में खातों का शुद्धिकरण, आपसी सहमति से खातों का विभाजन, नामांतरण, रास्ते से जुड़े मामले, सीमाज्ञान एवं पत्थरगढ़ी सहित लंबित राजस्व प्रकरणों के निस्तारण की कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा चारागाह एवं सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने, भूमिहीन किसानों को भूमि आवंटन तथा गैर-खातेदारी से खातेदारी अधिकार से जुड़े मामलों पर भी कार्रवाई होगी।

प्रमाण-पत्र से लेकर फॉर्मर रजिस्ट्री तक सुविधाएं

ग्रामीणों को जाति, मूल निवास एवं हैसियत प्रमाण-पत्र जारी करने के साथ फॉर्मर रजिस्ट्री से संबंधित कार्य भी किए जाएंगे। शिविरों में ऊर्जा, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, पीएचईडी तथा सार्वजनिक निर्माण विभाग से जुड़े कार्यों का भी निस्तारण किया जाएगा।

कलेक्टर का फोकस—शिविर सिर्फ खानापूर्ति न बनें

जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शिविरों का लाभ सीधे आमजन तक पहुंचे और लंबित मामलों का प्रभावी ढंग से निस्तारण किया जाए। संबंधित एसडीओ, तहसीलदार या बीडीओ शिविर प्रभारी तथा भू-अभिलेख निरीक्षक सह-प्रभारी रहेंगे।

अब देखना यह है कि तीन दिनों के इन शिविरों में कितने मामलों का मौके पर समाधान होता है और ग्रामीणों को सरकारी दफ्तरों की दौड़ से कितनी वास्तविक राहत मिलती है।

खबर को शेयर करे :-